रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

लोरमी में रिश्वत लेते जेई गिरफ्तार

H

Hupendra Sharma

20 जून 2025, 02:15 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

जेई गिरफ्तार
जेई गिरफ्तार

मुंगेली | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.


जूनियर इंजीनियर ने बिजली कनेक्शन देने के बदले 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी. जानकारी के अनुसार ग्राम पाली निवासी नंद कुमार साहू ने अपने घर में बिजली कनेक्शन लगाने के लिए लोरमी बिजली विभाग के ऑफिस में आवेदन किया था.

विज्ञापन


11 जून को उसके घर में लोरमी के कनिष्ठ अभियंता कृष्ण कुमार गुप्ता पहुंचे. उन्होंने कहा कि अवैध रूप से बिजली जला रहे हो. उसके बाद बिजली के तार को काट दिए और कार्रवाई से बचने के लिए 50 हजार रुपए की मांग की.


बातचीत करने के बाद आखरी में 15 हजार रुपए में बात तय हो गई. लेकिन नंद कुमार साहू ने रिश्वत देने के बजाय इसकी शिकायत बिलासपुर एसीबी में कर दी.


एसीबी ने शिकायत की जांच के बाद ट्रैप की योजना बनाई. योजना के मुताबिक शुक्रवार को शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम 15 हजार रुपए देने जेई के पास भेजा गया.


जैसे ही नंद कुमार ने पैसे दिए उसी समय एसीबी की टीम ने उसे पकड़ लिया. मौके से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है.  एसीबी ने बताया कि मुंगेली जिले में 6 महीनों में यह पांचवीं बड़ी कार्रवाई है. इससे पहले भी कई सरकारी अधिकारी और कर्मचारी रिश्वत लेते पकड़े जा चुके हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP