रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बीजापुर में आईईडी ब्लास्ट, दो जवान घायल

बीजापुर में आईईडी ब्लास्ट से सीआरपीएफ के दो जवान घायल हो गए

H

Hupendra Sharma

08 जुल. 2025, 01:42 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

आईईडी ब्लास्ट
आईईडी ब्लास्ट

बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों द्वारा लगाए आईईडी की चपेट में आने से सीआरपीएफ के 2 जवान घायल हो गए हैं. जवान रोड ओपनिंग ड्यूटी से वापस लौट रहे थे.


पुलिस ने कहा कि आईईडी विस्फोट होते ही घात लगाकर बैठे माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी. साथी जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की.

विज्ञापन


घायल दोनों जवानों को बीजापुर के जिला अस्पताल लाया गया है, जहां इलाज जारी है. दोनों जवानों के पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई हैं.


बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने घटना की पुष्टि की है.


पुलिस के अनुसार सीआरपीएफ-229 बटालियन के जवान मंगलवार को बासागुड़ा-आवापल्ली मार्ग पर रोड ओपनिंग ड्यूटी पर निकले थे. जवान ड्यूटी कर वापस लौट रहे थे. उसी दौरान तिमापुर-मुरदुंड़ा के बीच माओवादियों द्वारा पहले से ही प्लांट किए आईईडी की चपेट में दो जवान आ गए.


आईईडी में पैर पड़ते ही जोरदार धमाका हुआ. दूसरी ओर माओवादी जवानों का इंतजार करते बैठे हुए थे. विस्फोट होते ही माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी. साथ चल रहे जवानों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए फायरिंग शुरू की. दोनों ओर से काफी देर तक फायरिंग हुई. 


इस बीच साथी जवानों ने घायल दोनों जवानों को मौके से निकाला और जिला अस्पताल लेकर आए. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों को राजधानी रायपुर के लिए रेफर किया जा रहा है.


बीजापुर एएसपी चंद्रकांत गवर्णा ने कहा कि दोनों की स्थिति ठीक है. घटना के संबंध में जल्द ही पूरी जानकारी दी जाएगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP