रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश के साथ गिरे ओले

H

Hupendra Sharma

28 अप्रै. 2025, 11:18 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

ओलावृष्टि
ओलावृष्टि

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरबा, कवर्धा सहित कई जिले में सोमवार को तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई. साथ ही जमकर ओले भी गिरे.


ओलावृष्टि से सड़क और खेतों पर बर्फ की मोटी परत जम गई है. भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को जरूर इस बारिश से राहत मिली है. लेकिन रबी की फसल लेने वाले किसानों को इससे काफी नुकसान हुआ है.

विज्ञापन


बदलते मौसम का असर राजधानी रायपुर में भी देखने को मिल रहा है. सोमवार दोपहर बाद तेज हवा के साथ बूंदाबांदी देखने को मिली.


इस बैमौसम बारिश और ओलावृष्टि से गौरेला-पेंड्रा मरवाही जिले का तापमान एकदम से 10 डिग्री तक गिर गया है. यहां कल तक तापमान 43 डिग्री था. वहीं आज यह 33 डिग्री तक पहुंच गया.


जिले में सोमवार सुबह से ही मौसम बदला हुआ था. कुछ देर बाद तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई. कुछ देर में ओले भी गिरने लगे. 


अचानक मौसम बदलने से सड़कों पर आवागमन प्रभावित हुआ. तेज आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने से सड़क पर चलना मुश्किल हो गया.


हालांकि मौसम विभाग ने पहले ही तेज हवाओं, ओलावृष्टि और बारिश को लेकर अलर्ट जारी कर दिया था. आने वाले दिनों में भी मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है. 


इसी तरह कोरबा जिले में भी तेज आंधी तूफान के बाद झमाझम बारिश हुई है. ओले भी गिरे हैं. कई जगह तेज आंधी के चलते बिजली बंद हो गई.


पेण्ड्रा, मरवाही, कोरबा के साथ ही कवर्धा में भी सोमवार को अचानक मौसम ने करवट ली. इसके बाद गरज-चमक के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई.


बारिश से जिले के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को भी फसल के नुकसान की चिंता सताने लगी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP