शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

जातिगत जनगणना कराने सरकार निष्क्रिय- भूपेश

H

Hupendra Sharma

26 मई 2025, 10:19 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

 भूपेश बघेल
भूपेश बघेल

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल ने दिल्ली रवाना होने से पहले केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने जातिगत जनगणना को लेकर केंद्र सरकार पर निष्क्रियता का आरोप लगाया है.


उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जातिगत जनगणना की बात की है, तब से देशभर में इसे लेकर माहौल बना हुआ है. इससे आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक स्तर पर बड़ा बदलाव आएगा.


उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में काफी समय और संसाधन लगेगा, लेकिन भारत सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है. इन्हीं मुद्दों को लेकर दिल्ली में छत्तीसगढ़ के सभी ओबीसी नेता एकजुट हो रहे हैं.


छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल सहित विधायक रामकुमार यादव और कुंवर सिंह निषाद दिल्ली गए हैं.


ज्ञात हो कि दिल्ली में आज कांग्रेस की अहम बैठक है. इस बैठक में राहुल गांधी समेत देशभर के ओबीसी नेता शामिल होंगे. 


मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सवाल

पूर्व सीएम बघेल ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि साय सरकार का मंत्रिमंडल लगता है आगे बढ़ने वाला नहीं है. क्योंकि मुख्यमंत्री खुद नहीं चाहते कि मंत्रिमंडल बड़ा हो.


उन्होंने कहा कि जितने कम मंत्री होंगे, उनके सारे विभाग मुख्यमंत्री के पास चले जाएंगे. लेकिन सवाल तो यह उठता है कि मुख्यमंत्री के पास जो विभाग हैं, उन्हें आखिर चला कौन रहा है.


उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षा और माइनिंग जैसे विभाग को खुद अपने पास रखे हैं. फिर उनका संचालन कौन कर रहा है.


सुशासन तिहार का ढोंग रच रही सरकार

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जब कांग्रेस की सरकार थी उसी समय बस्तर में माओवादियों की संख्या काफी कम हो गई थी. हमने वहां शिक्षा का प्रचार-प्रसार किया और आदिवासियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अभियान चलाए.


भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार यहां सुशासन तिहार चलाने का ढोंग रच रही है. हजारों आवेदनों का तत्काल निराकरण करने का दावा कर रही है. लेकिन हकीकत कुछ और ही है. एक भी ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं कर पाई है. 


उन्होंने कहा कि यहां तक सरकार वर्तमान में तेंदूपत्ता की खरीदी भी ठीक से नहीं कर पा रही है. मनरेगा का तो काम ही बंद है. काम नहीं मिलने से आदिवासियों की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है.


इससे एक दिन पहले भी भूपेश बघेल ने संविधान बचाओ रैली के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला था. उन्होंने चुनाव आयोग को भाजपा सरकार का बंधुआ मजदूर बताया. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP