गरियाबंद में मुठभेड़, 1 माओवादी मारा गया
गरियाबंद | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में बीती रात को सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में जवानों ने एक हार्डकोर माओवादी को मारने का दावा किया है.
मौके से एसएलआर हथियार समेत कई जरूरी सामान बरामद किए गए हैं.
मारे गए माओवादी की पहचान डीवीसीएम आयतु उर्फ योगेश कोरसा के रूप में हुई है.
गरियाबंद एसपी ने मुठभेड़ की पुष्टि की है.
पुलिस के मुताबिक यह मुठभेड़ शोभा थाना क्षेत्र के घने जंगलों के बीच हुई. इस थाना क्षेत्र के जंगल में नक्सली गतिविधियों की सूचना मिली थी.
इसी सूचना के आधार पर शुक्रवार को सुरक्षा बलों को सर्चिंग पर भेजा गया था.
इस बीच शुक्रवार की रात जवानों को करीब आता देख माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी.
जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की. इस गोलीबारी में एक हार्डकोर माओवादी मारा गया.
इसके बाद जवानों को भारी पड़ता देख माओवादी भाग निकले. गोलीबारी बंद होने के बाद जवानों ने मौके पर सर्च ऑपरेशन चलाया.
जिसमें एक माओवादी के शव के साथ ऑटोमैटिक राइफल, गोलियां, बारूद, नक्सली साहित्य सहित अन्य सामग्री मिली है.
मारे गए माओवादी के शव को गरियाबंद लाया जा रहा है. फिलहाल क्षेत्र में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है.
इस मुठभेड़ के बाद गरियाबंद जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है. पुलिस और सीआरपीएफ की टीमें तलाशी अभियान चला रही है.
पुलिस का कहना है कि सुरक्षा बलों के वापस लौटने के बाद इस संबंध में अधिक जानकारी मिल सकेगी.