हाथी ने दो ग्रामीणों को कुचला
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक दंतैल हाथी ने दो दिनों में दो ग्रामीणों की जान ले ली. हाथी ने शुक्रवार की सुबह कटघोरा और मरवाही वन मंडल की सीमा पर एक ग्रामीण को कुचल दिया.
इससे पहले गुरुवार को मरवाही के माड़ा कोट जंगल में एक ग्रामीण को रौंद दिया था. दोनों ग्रामीणों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई. वन विभाग के मुताबिक यह दंतैल हाथी बुधवार को कोरिया जिले की सीमा से मरवाही वन मंडल में दाखिल हुआ है.
हाथी अपने दल से बिछड़ा हुआ है और अकेले ही यहां पहुंचा है. मरवाही वन मंडल में आते ही दंतैल हाथी ने कई मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया है. साथ ही कई किसानों की फसल को भी चौपट कर दिया. अकेला होने के कारण हाथी काफी आक्रामक हो गया है.
बताया गया कि हाथी मरवाही वन मंडल से होता हुआ गुरुवार को माड़ा कोड के जंगल में पहुंचा. पंडरीपानी निवासी ग्रामीण राम प्रसाद पाव किसी काम से जंगल में गया था, जहां उसका सामना हाथी से हो गया. हाथी ने राम प्रसाद को कुचलकर मार डाला.
इसके बाद हाथी वापस मरवाही वन मंडल पहुंच गया था. आज शुक्रवार की सुबह हाथी से कुम्हारी सानी निवासी रामदयाल का सामना हो गया.
हाथी ने मौके पर ही रामदयाल को उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचल दिया. जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया.
सतर्क रहने और जंगल न जाने की अपील
वन विभाग हाथी पर लगातार नजर रखे हुए है. वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जंगल में न जाने की अपील की है.
वन विभाग ने वन अधिनियम के तहत पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा राशि प्रदान की है.
वन विभाग ने कहा है कि प्रकरण बनाकर शीघ्र भेज देंगे. बाकि का जो मुआवजा है वो भी जल्द पीड़ित परिवार को मिल जाएगा.
बालोद शहर में घुसे 2 हाथी
इधर बालोद जिले के शहरी इलाके में 2 दंतैल हाथियों के घुसने से लोगों में दहशत का माहौल है.
हाथियों को शुक्रवार को दल्ली राजहरा में घोड़ा मंदिर के पास देखा गया. इसका सीसीटीवी भी सामने आया है.
आज सुबह काम पर जा रहे मजदूरों के सामने अचानक हाथी आ गए. मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई.
हाथियों के दल्ली राजहरा में प्रवेश से वन विभाग का अमला अलर्ट हो गया है. हाथियों पर नजर रखी जा रही है.
वन विभाग द्वारा पूरे क्षेत्र में मुनादी कर हाथियों के बारे में गांव वालों को बताया जा रहा है. शाम होने के बाद घरों से नहीं निकलने की अपील वन विभाग ने की है.
वन विभाग के मुताबिक हाथी धमतरी जिले से बालोद की वन सीमा में घुसे हैं. दो दंतैल हाथियों की उपस्थिति को देखते हुए वन विभाग ने पेट्रोलिंग बढ़ा दी है.
वन विभाग का कहना है कि इन हाथियों ने एक ही दिन में लंबी दूरी तय की है.
कल सुबह हाथियों को गुरूर वन क्षेत्र में देखा गया था. वहां हाथियों ने काफी तबाही मचाई. हाथियों ने किसानों की खड़ी फसल को रौंद दिया था.