दलदल में फंसने से हाथी शावक की मौत
रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दलदल में फंस जाने से एक हाथी शावक की मौत हो गई. घटना की खबर लगते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है.
घटना रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र की है.
बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने कटंगडीही जंगल के 1271 आर एफ खोखोरोआमा मछरीछिचरा के पास एक तालाब में हाथी के बच्चे को डूबे हुए देखा.
एक दिन पहले की यहां हाथियों का झुंड विचरण कर रहा था. कहा जा रहा है कि दलदल में फंस जाने के कारण शावक बाहर नहीं आ पाया और उसकी मौत हो गई.
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी. वनकर्मी मौके पर पहुंचे और हाथी शावक के शव को बाहर निकलवाया. जिसके बाद पंचनामा कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया.
घरघोड़ा रेंजर चंद्रकुमार राठिया ने बताया कि हाथियों का दल अब भी पास के जंगल में विचरण कर रहा है. कटंगडीह और छर्राटांगर क्षेत्र में दल मौजूद है.
8 माह में 6 हाथियों की मौत
रायगढ़ वन मंडल में 8 माह में 6 हाथियों की मौत हो चुकी है.
अक्टूबर माह में बकचबा बीट के चुहकीमार नर्सरी क्षेत्र में करंट लगने से 3 हाथियों की मौत हुई थी.
इसके बाद दिसबंर व फरवरी माह में 2 शावकों की मौत पानीखेत के दलदल में फंसने से हुई थी.
इसके बाद सोमवार की रात को फिर से एक हाथी शावक की मौत हो गई.
दो महिलाओं को कुचला
ज्ञात हो कि रायगढ़ जिले में इन दिनों करीब 200 से अधिक हाथी विचरण कर रहे हैं.
जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल के लैलूंगा रेंज में शनिवार रात एक जंगली हाथी ने एक ही गांव में दो महिलाओं को कुचलकर मार डाला.
वहीं एक महिला के पति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है. घटना भदरनपुर गांव की है.
बताया गया कि भीषण गर्मी के चलते दोनों महिलाएं अपने घर के बाहर सो रही थी.
उसी दौरान महिलाओं पर हाथी ने हमला कर दिया. दोनों महिलाओं की घटना स्थल पर ही मौत हो गई.
हाथी के हमले से घायल ग्रामीण को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.