रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग बच्ची हत्याकांडः DNA रिपोर्ट में चाचा ही आरोपी

C

CG Khabar

14 अप्रै. 2025, 02:52 PM 3 मिनट में पढ़ें 3

 DNA रिपोर्ट
DNA रिपोर्ट

भिलाई | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दुर्ग में छह साल की मासूम बच्ची की हत्या मामले में डीएनए रिपोर्ट आ गई है. पुलिस ने तीन लोगों के सैंपल को डीएनए जांच के लिए भेजा था, जिसमें आरोपी चाचा का सैंपल मैच हुआ है.


डीएनए रिपोर्ट में इस बात की भी पुष्टि हुई है कि बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है.

विज्ञापन


दुर्ग सीएसपी चिराग जैन ने बताया कि बच्ची के शरीर में मिले कई चीजों को सैंपल के तौर पर लिया गया था.


आरोपी चाचा सहित कुछ अन्य संदेहियों से लिए गए सैंपल की डीएनए प्रोफाइलिंग कराई गई. जिसमें बच्ची के चाचा का ही डीएनए मैच किया. 


सीएसपी ने यह भी बताया कि इससे पहले पुलिस ने बच्ची के पोस्टमॉर्टम की एग्जामिनेशन रिपोर्ट के आधार पर चाचा को आरोपी बनाया था.


साथ ही आरोपी ने खुद ही वारदात को अंजाम देना कबूल किया था. वहीं पुलिस के पास कुछ और अहम सबूत थे.


आरोपी के घर से पुलिस को खून के धब्बे मिले हैं. आरोपी के अंडरवियर पर भी खून लगा मिला है. पुलिस ने उन्हें भी जब्त किया है. ये भी एक मजबूत साक्ष्य है.


अब तो डीएनए टेस्ट से साफ हो गया कि चाचा ही आरोपी है. ये सभी सबूत मासूम के चाचा को आरोपी बनाने और सजा दिलवाने में अहम भूमिका निभाएंगे. 


परिवार वाले चाचा को नहीं मान रहे थे आरोपी

सीएसपी चिराग जैन ने कहा कि अब पुलिस यह पता लगाएगी कि बच्ची के साथ चाचा ने दुष्कर्म कर उसकी हत्या की है, इसकी जानकारी किस-किस को थी.


इसके अलावा मासूम की हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए कितने लोगों ने मदद की है. इसमें जो भी नाम सामने आएंगे, पुलिस उन्हें भी आरोपी बनाएगी.


ज्ञात हो कि आरोपी चाचा की गिरफ्तारी के बाद बच्ची के परिवार वालों ने पुलिस की कार्रवाई को गलत ठहराते हुए चाचा को आरोपी ही नहीं मान रहे थे.


इसके लिए सीबीआई जांच की मांग की थी. साथ ही इस मामले को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई थी.


क्या था मामला

रामनवमी की सुबह ओम नगर उरला निवासी साढ़े छह साल की बच्ची अपने घर से नौ कन्या भोज के लिए तैयार होकर निकली थी.


घर से निकले के बाद वह अपने चाचा के घर गई थी, जहां पर उसे आखिरी बार देखा गया था. इसके बाद बच्ची अचानक लापता हो गई थी. 


रात में करीब 8 बजे घर के बगल में खड़ी कार में बच्ची की लाश मिली थी. बच्ची के शरीर पर चोट के निशान थे.


इस घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने कार मालिक के घर में आगजनी और तोड़फोड़ कर दी थी.


पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी. दूसरे दिन मामले की जांच के बाद पुलिस ने बच्ची के चाचा को गिरफ्तार किया था.


परिवार वाले चाचा को आरोपी मानने से इंकार कर रहे थे. साथ ही पुलिस पर मुख्य आरोपी को बचाने के लिए पुलिस पर षड़यंत्र का आरोप लगाया था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP