पर्ची से हुआ दंतेवाड़ा जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव
छत्तीसगढ़ पर्ची से हुआ दंतेवाड़ा जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव
दंतेवाड़ा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट भी भाजपा के पक्ष में गई है.
हालांकि यहां परिणाम पर्ची के जरिए तय हुआ. क्योंकि बीजेपी के प्रत्याशी नंदलाल मुड़ामी को 5 वोट मिले और कांग्रेस की प्रत्याशी तुलिका कर्मा को भी 5 वोट मिले.
दोनों प्रत्याशियों को बराबर-बराबर वोट मिलने से मुकाबला रोचक हो गया था.
अंत में बीजेपी प्रत्याशी नंदलाल मुड़ामी के भाग्य में पर्ची खुली और उनकी जीत हो गई.
जिला भाजपा संगठन पूरी तरह से आश्वस्त था कि वे आसानी से जिला पंचायत अध्यक्ष बना रहे हैं.
जिला पंचायत सभागार में जब वोटिंग हुई तो सभी के होश उड़ गए. कांग्रेस और भाजपा दोनों पांच-पांच वोटों के साथ बराबरी पर खड़े दिखे.
इस चुनाव में पांच भाजपा के जिला पंचायत सदस्य थे. कांग्रेस के तीन, सीपीआई एक और निर्दलीय एक सदस्य था.
भाजपा को पूरा विश्वास था सीपीआई का जिला पंचायत सदस्य उनके पक्ष में है.
इस हिसाब से चार कांग्रेस को और भाजपा को छह वोट मिलना चाहिए था.
लेकिन जब वोटिंग हुई तो कांग्रेस के पक्ष में पांच और भाजपा के पक्ष में भी पांच वोट पड़े.
इस तरह से जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव टाई रहा. इसके बाद फैसला पर्ची डालकर होना तय हो गया.
पर्ची में नंदलाल मुड़ामी का नाम निकला. इस तरह से जिला पंचायत अध्यक्ष तय हुआ.
इसके बाद जिला पंचायत उपाध्यक्ष का चुनाव हुआ. जिसमें छह भाजपा के पक्ष में और चार कांग्रेस के पक्ष में वोट पड़े.
भाजपा से अरविंद्र कुंजाम जिला पंचायत उपाध्यक्ष चुने गए.
जिला पंचायत चुनाव जब टाई हुआ तो जिला भाजपा संगठन के पदाधिकारी बेहद हैरान थे.
दबी जुबां से कह रहे थे आखिर वह कौन है जिसने क्रॉस वोटिंग की है.
हालांकि इस विषय पर कोई पदाधिकारी खुल कर नहीं बोला. बावजूद इसके क्रॉस वोटिंग का मामला हर किसी की जुबां पर था.