राजनांदगांव में साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़
राजनांदगांव | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में एक अंतरराष्ट्रीय साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है.
इस ठग गिरोह के एक आरोपी को राजनांदगांव पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार किया है.
इन साइबर ठगों ने 60 से अधिक बैंक खातों में 5 करोड़ से अधिक का लेनदेन कर लोगों को चपत लगाई.
गिरफ्तार आरोपी रोहित वीरवानी कंबोडिया स्थित ठगी सेंटर के लिए काम करता था.
वह भारत में रहकर बैंक खाता जुटाता था और ठगी से मिले पैसों को क्रिप्टोकरेंसी यूएसडीटी (यूएस डॉलर) में बदलकर कंबोडिया भेजता था.
राजनांदगांव एसपी मोहित गर्ग ने बताया कि चिखली निवासी एक युवक ने धोखाधड़ी कर पैसे ठगने की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई थी.
उसके बैंक खाते से 90 हजार रुपए की धोखाधड़ी हुई थी. पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही थी.
जांच के दौरान पता चला कि यह एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का काम है.
पुलिस ने पहले श्रेणिक कुमार सांघवी, शुभम तिवारी और दीपक नरेडी को गिरफ्तार किया.
इसके बाद गिरोह के मुख्य आरोपी रोहित वीरवानी जो महाराष्ट्र के अंधेरी मुंबई का निवासी है को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया.
आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 1 नग एंड्राइड मोबाइल व 4 नग एटीएम कार्ड जब्त किए गए हैं.
बताया गया कि आरोपी भारतीय और चीनी साथियों के साथ मिलकर काम करता था.
वह ठगी के पैसों को एटीएम से निकालकर क्रिप्टोकरेंसी खरीदता और डिजिटल वॉलेट के जरिए कंबोडिया भेज देता था.
आरोपी कंबोडिया स्थित कई सेंटरों के लिए काम करता था. वह अलग-अलग फर्जी इन्वेस्टमेंट कंपनी के नाम पर भारतीयों को ठगने का काम कर रहा था.
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.