छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का चक्काजाम, रायपुर में जुटे दिग्गज नेता
रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को प्रदेश के सभी जिलों में चक्काजाम किया है. इस दौरान कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ भारी संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर उतर नारेबाजी कर रहे हैं.
कांग्रेसी बीच सड़क पर बैठक कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. साथ ही भाजपा सरकार, अडानी और ईडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं.
राजधानी रायपुर में वीआईपी रोड पर श्रीराम मंदिर चौक (करेंसी टॉवर) के पास कांग्रेसियों ने चक्काजाम किया है. यहां भूपेश बघेल समेत कई बड़े कांग्रेसी नेता मौजूद हैं. चक्काजाम के चलते इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है. यहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.
वहीं रायपुर के धरसींवा और धनेली में भी कांग्रेसियों ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया. जिससे रायपुर और बिलासपुर के बीच आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. तीनों ही जगहों पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद हैं.
इसी तरह दुर्ग जिले में कांग्रेसियों ने सबसे ज्यादा 6 जगहों पर चक्काजाम किया है. यहां गिरीश देवांगन के नेतृत्व में चक्काजाम किया जा रहा है.
पूर्व सीएम भूपेश बघेल के निवास स्थल भिलाई-3 के करीब सिरसा गेट पर भारी संख्या में कांग्रेसी मौजूद हैं. बीच सड़क पर बैठकर यहां भी कांग्रेसी जमकर नारेबाजी कर रहे हैं.
चक्काजाम के चलते दुर्ग-रायपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई है. इसके अलावा जामुल एसीसी, मिनी माता चौक पुलगांव, नेहरू नगर चौक, सेलूद चौक और दुर्ग-बेमेतरा मुख्य मार्ग पर महामाया गेट के सामने धमधा में चक्काजाम किया जा रहा है.
इसी तरह बिलासपुर में सकरी-पेंड्रीडीह फ्लाईओवर के नीचे चक्काजाम किया गया है. जिससे रायपुर और बिलासपुर के बीच आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है. इसके साथ ही जगदलपुर के आमागुड़ा चौक पर भी चक्काजाम किया गया है.
इसी तरह दंतेवाड़ा में भी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दंतेवाड़ा के रावन डेंग चौक पर चक्काजाम किया.
कांग्रेसियों ने आर्थिक नाकेबंदी करते हुए केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि केंद्र सरकार ईडी का दुरुपयोग कर विपक्षी दलों को दबाने का काम कर रही है.