कोयला घोटालाः सौम्या चौरसिया की संपत्ति कुर्क
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ कोयला घोटाला मामले में अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी सौम्या चौरसिया की 16 अचल संपत्तियों को कुर्क किया है. इनकी कीमत करीब 8 करोड़ रुपये बताई गई है.
EOW के विशेष न्यायाधीश के आदेश के बाद ये कार्रवाई की गई है. इसके पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी 39 करोड़ की 29 अचल संपत्तियों को कुर्क कर चुकी है.
सौम्या चौरसिया पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उप सचिव रही सौम्या चौरसिया के खिलाफ यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत की गई है.
रायपुर ईओडब्ल्यू द्वारा की गई यह पहली बड़ी कुर्की कार्रवाई है. जांच में सामने आया है कि सौम्या चौरसिया ने अपने करीबी रिश्तेदारों सौरभ मोदी, अनुराग चौरसिया और अन्य के नाम पर लगभग 45 अचल संपत्तियां खरीदी थीं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 47 करोड़ रुपये है.
आरोप है कि यह सभी संपत्तियां कोयला लेवी और अन्य भ्रष्ट स्रोतों से अर्जित धन से खरीदी गई थीं.
अदालत में प्रस्तुत साक्ष्यों को देखते हुए 16 जून 2025 को कुर्की का आवेदन दाखिल किया गया था, जिस पर मंगलवार को फैसला सुनाते हुए विशेष न्यायालय ने आदेश जारी कर दिया.
ज्ञात हो कि रविवार को सौम्या के करीबी और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में सीएम सचिवालय में पदस्थ रहे लिपिक जयचंद कोशले के रायपुर व जांजगीर-चांपा स्थित ठिकानों पर छापेमारी की गई थी.
इस दौरान कोल घोटाले से जुड़े कई अहम दस्तावेज के साथ ही 50 करोड़ खपाने के सबूत मिले हैं.
ईओडब्ल्यू ने कोयला घोटाले में सौम्या चौरसिया के निज सचिव जयचंद कोसले को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए 26 सितंबर तक रिमांड पर लिया है.