रायपुर में सब इंस्पेक्टर ट्रेनिंग के दौरान अभ्यर्थी की मौत
छत्तीसगढ़ रायपुर में सब इंस्पेक्टर ट्रेनिंग के दौरान अभ्यर्थी की मौत
रायपुर | संवाददाताः राजधानी रायपुर में एक सब इंस्पेक्टर अभ्यर्थी की ट्रेनिंग के दौरान मौत हो गई. बताया जा रहा है कि चंदखुरी पुलिस अकादमी में आज सुबह दौड़ने के दौरान अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ गई. जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
राजधानी रायपुर स्थित चंद्रखुरी गांव में पुलिस अकादमी का ट्रेनिंग सेन्टर है. जहां सब इंस्पेक्टर अभियर्थियों की ट्रेनिंग चल रही है. शुक्रवार की सुबह सभी अभ्यर्थियों को दौड़ाया जा रहा था. जिसमें मृतक राजेश कोसरिया भी शामिल थे.
कुछ देर दौड़ने के बाद अचानक राजेश की तबीयत बिगड़ गई. आनन फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बताया गया कि राजेश कोसरिया (29 साल) महासमुंद का रहने वाले थे. एक सप्ताह पहले ही राजेश ने चन्दखुरी स्थित पुलिस ट्रेनिंग एकेडमी में ट्रेनिंग की शुरुआत की थी.
घटना के बाद मृतक के परिवार को इसकी सूचना दी गई. मृतक के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. परिवार का कहना है कि इस घटना की सही वजह पता लगाई जाए.
हालांकि मामले में प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. वहीं पुलिस ने पोस्टमोर्टम के बाद मौत की वजह साफ होने की बात कही है.