शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

सुकमा में सीआरपीएफ जवान ने खुद को मारी गोली

H

Hupendra Sharma

09 सित. 2025, 09:08 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

जवान ने खुद को मारी गोली
जवान ने खुद को मारी गोली

सुकमा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस (सीआरपीएफ) बल के एक जवान ने खुदकुशी कर ली. जवान ने बीती रात को अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली. जवान की मौके पर ही मौत हो गई.


प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला माना जा रहा है. फिलहाल सीआरपीएफ के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं.


जानकारी के मुताबिक घटना बीती रात करीब 10.30 बजे की है. आत्महत्या करने वाला जवान निलेश कुमार गर्ग मध्य प्रदेश का रहने वाला था.


बताया गया कि वह लंबे समय से इंजरम कैंप में तैनात था. वह 219 बटालियन में लैब टैक्नीशियन के पद पर पदस्थ था.


सोमवार की रात करीब 10:30 बजे कैंप के कमरे से गोली चलने की आवाज आई. आवाज सुनकर साथी जवान तत्काल कमरे में पहुंचे तो निलेश खून से लथपथ पड़ा था.


जवान निलेश कुमार गर्ग के पास से 6 पेज का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. 


साथी जवानों और अधिकारियों के मुताबिक, निलेश ड्यूटी को लेकर सामान्य था. उसके व्यवहार में भी कोई विशेष परिवर्तन नहीं देखा गया था. 


घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. फिलहाल, आत्महत्या के पीछे के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है.


सुसाइड नोट में क्या लिखा है, इसे भी फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही असली कारण का पता चल पाएगा.


सुकमा-बीजापुर में जवान ने की थी आत्महत्या

इससे पहले 22 अगस्त को सुकमा के ही मिनपा कैंप में सीआरपीएफ के जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी.


जवान शशि भूषण कुमार बिहार का रहने वाला था. जवान ने ड्यूटी के दौरान खुदकुशी की थी. जवान कुछ दिन पहले ही छुट्टी से लौटा था. हालांकि, उसने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है.


इसी तरह 30 जुलाई को बीजापुर जिले में सीआरपीएफ जवान ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी.


जवान पप्पू यादव 22वीं बटालियन मिनगाचल में पदस्थ था. वह बिहार के भोजपुर जिले का रहने वाला था.


जवान ने अपने सिर पर गोली चलाई थी, जो चीरते हुए बाहर निकल गई थी. जवान की मौके पर ही मौत हो गई थी. जवान पप्पू यादव भी एक दिन पहले ही छुट्टी से लौटा था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP