शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

सीएम साय को उतरना पड़ा हेलीकॉप्टर से

H

Hupendra Sharma

11 अग. 2025, 10:34 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

हेलीकॉप्टर
हेलीकॉप्टर

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हेलीकॉप्टर सोमवार को फिर खराब हो गया. सीएम साय आज सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के दौरे पर जाने के लिए हेलीकॉप्टर में बैठ चुके थे, लेकिन तकनीकी खराबी आ जाने से उड़ान नहीं भर सके और वापस उतरना पड़ गया.


पिछले डेढ़ महीने में सीएम का हेलीकॉप्टर दूसरी बार खराब हुआ है. इससे पहले 21 जून को जशपुर दौरे के दौरान हेलीकॉप्टर में तकनीकी दिक्कत आई थी.


दरअसल, सोमवार को सीएम विष्णु देव साय का सारंगढ़-बिलाईगढ़ का प्रवास कार्यक्रम तय था. सीएम साय सुबह 11.20 बजे मुख्यमंत्री निवास से पुलिस ग्राउंड स्थित हेलीपैड पहुंचे और हेलीकॉप्टर में बैठ गए थे. हेलीकॉप्टर चालू तो हुआ लेकिन उड़ान नहीं भर सका.


इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल भी मौजूद थे.


करीब 45 मिनट तक टेक्नीशियन हेलीकॉप्टर की जांच करते रहे. जब तक सीएम वेटिंग रूम में इंतजार करते रहे. इस दौरान हेलीकाप्टर सुधारा नहीं जा सका, तो सीएम सड़क मार्ग से सारंगढ़-बिलाईगढ़ के लिए रवाना हुए. 


सीएम साय आज 17 कार्यक्रमों में शामिल होने वाले थे. लेकिन हेलीकॉप्टर की तकनीकी दिक्कत के चलते उनका आज का पूरा शेड्यूल बिगड़ गया.


हेलीकॉप्टर खराबी के सवालों पर सीएम सिक्योरिटी और जिम्मेदार अधिकारियों का फिलहाल कोई बयान सामने नहीं आया है.


सीएम का हेलीकॉप्टर इससे पहले भी 21 जून को जशपुर दौरे के दौरान खराब हुआ था. उससे पहले 16 अक्टूबर 2024 को सीएम के बस्तर प्रवास के दौरान हेलीकॉप्टर खराब हुआ था.


बस्तर दौरे में प्रशासन ने झारखंड से हेलीकॉप्टर बुलाकर सीएम का दौरा शुरू करवाया था. 


ज्ञात हो कि साल 2006-07 में छत्तीसगढ़ शासन ने डबल इंजन युक्त शासकीय विमान ‘किंग एयर B-200, VT-CTG’ खरीदा था, जो दिसंबर 2006 से सेवा में है.


वहीं छत्तीसगढ़ सरकार ने साल 2021 से 2024 के बीच हवाई यात्रा पर किराए के तौर पर 200 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए हैं.


राज्य शासन समय-समय पर टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से निजी कंपनियों से हेलीकॉप्टर किराए पर लेता रहा है. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP