कोरिया में फैला बर्ड फ्लू, मुर्गी व अंडे किए गए नष्ट
छत्तीसगढ़ कोरिया में फैला बर्ड फ्लू, मुर्गी व अंडे किए गए नष्ट
कोरिया | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोरिया जिला मुख्यालय स्थित शासकीय कुक्कुट पालन केंद्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है. इसके बाद पोल्ट्री फार्म के सभी चूजों, अंडों, मुर्गियों और बटेरों को नष्ट कर दिया गया है.
इनमें लगभग 20 हजार अंडे तथा 15 हजार मुर्गियां व बटेर शामिल हैं. इसके बाद सरगुजा और सूरजपुर जिलों में भी अलर्ट जारी किया गया है.
कोरिया जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही प्रशासन हरकत में आ गया है. कलेक्टर की अध्यक्षता में सोमवार देर रात आपातकालीन बैठक बुलाई गई.
तत्काल टीम गठित कर कुक्कुट पालन केंद्र भेजा गया. पशु चिकित्सकों की निगरानी में रातभर अभियान चलाकर कुक्कुट पालन केंद्र में मौजूद अंडे, चूजे, मुर्गियां और बटेरों को नष्ट किया.
पूरा अमला पीपीई किट और मास्क पहनकर इस काम में जुटा रहा. संक्रमण आगे ना फैले इसलिए सभी पक्षियों को केंद्र के भीतर ही खोदे गए गड्ढों में दफनाया गया.
बताया गया कि पोल्ट्री फार्म में 19 हजार से ज्यादा अंडे, करीब 10 हजार चूजे नष्ट किए गए. इसके अलावा 2 हजार 487 मुर्गियां और 2 हजार 448 बटेरों को भी मारा गया है.
इसके बाद विभाग की निगरानी में पोल्ट्री फार्म को सैनिटाइज किया गया.
इस दौरान अपर कलेक्टर अरुण मरकाम, एसडीएम दीपिका नेताम, तहसीलदार अमृता सिंह और पशु चिकित्सा सेवाओं के अधिकारी मौजूद रहे.
बिक्री पर प्रतिबंध
प्रशासन द्वारा बर्ड फ्लू को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है. एक किलोमीटर तक का क्षेत्र प्रभावित जोन और 10 किमी का क्षेत्र सर्विलांस क्षेत्र घोषित किया गया है.
इस क्षेत्र में मुर्गियां बाहर चरने न छोड़ने जनता से अपील की गई है. मुर्गे, मुर्गियों,अंडे एवं मांस तथा मुर्गी दाना का विक्रय प्रतिबंधित किया गया है.
यह प्रतिबंध तीन महीने तक या आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा.
कोरिया कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने बैकुंठपुर शहर क्षेत्र के लोगों से चिकन अंडा ना खरीदने की अपील की है.
वहीं जिले में अन्य जगहों पर टीम बर्ड फ्लू के मामलों का निरीक्षण कराया जा रहा है. इसके लिए पशु चिकित्सा विभाग ने 5 रैपिड रिस्पॉन्स टीम बनाई है.
स्वास्थ्य विभाग ने डोर टू डोर सर्वे के लिए 5 टीम गठित की है.