मंदिर में मधुमक्खियों का हमला, 60 श्रद्धालु घायल
बालोद | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के देवगहन स्थित मुनि बाबा मंदिर में बुधवार को श्रद्धालुओं पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया. मधुमक्खियों के हमले से करीब 60 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए हैं. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है.
अक्षय तृतीया पर आज बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-पाठ करने मुनि बाबा मंदिर पहुंचे थे. मंदिर परिसर में श्रद्धालु लाइन लगकर दर्शन कर रहे थे. वहीं पूजा-पाठ का कार्यक्रम भी चल रहा था.
उसी समय अचानक मधुमक्खियों के झूंड ने श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया. जिससे मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
मधुमक्खियों ने जिस तेज़ी से हमला किया था, उसमें लोगों को बचने का मौका नहीं मिल पाया.
इस हमले में करीब 60 लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं.
मधुमक्खियों के डंक से लोगों को तेज जलन और सूजन की शिकायत हुई. घटना के तुरंत बाद घायलों को नजदीकी अर्जुन्दा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया.
कुछ श्रद्धालुओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें वार्ड में शिफ्ट कर विशेष निगरानी में रखा गया है. घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह निषाद भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना.
उन्होंने अधिकारियों को उचित चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. वहीं तहसीलदार और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची.