भाजपा नेता ने मांगी इच्छा मृत्यु, कांग्रेस-भाजपा मदद को तैयार
सूरजपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री विशंभर यादव द्वारा इच्छा मृत्यु की मांग करने के बाद सरकार हरकत में आई है. भाजपा और सरकार का ध्यान यादव की तरफ तब गया जब पूर्व सीएम भूपेश बघेल द्वारा मदद की पेशकश की गई.
इसके बाद कल देर शाम महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, भाजपा के जिला अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी विशंभर यादव के घर पहुंचे और मुलाकात की.
साथ ही जिला अस्पताल से डॉक्टरों की टीम बुलाकर उनका जांच कराया गया. इसके बाद एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर भेजा गया है.
बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की देखरेख में अच्छे अस्पताल में उनका इलाज होगा.
मोदी की सभा में जाते समय हुआ था हादसा
दरअसल, दो साल पहले सात जुलाई 2023 को विशंभर यादव रायपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा में शामिल होने जाते समय हादसे का शिकार हो गए थे.
विशंभर यादव भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ बस से जा रहे थे. इसी दौरान बेलतरा के पास बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी.
इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी. वहीं विशंभर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उनकी रीढ़ की हड्डी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी. जिसकी वजह से वह पिछले दो सालों से बिस्तर पर ही पड़े हुए हैं.
इस दौरान इलाज की वजह से उनकी आर्थिक स्थिति भी खराब हो गई. इलाज में लाखों रुपए खर्च हो गए.
उनका कहना है कि उनके पास जो भी था, वह सब लगा दिए. अब आगे इलाज के लिए रुपए के अभाव में उपचार भी बंद करा दिया. इलाज रुकने से उनकी हालत लगातार बिगड़ रही है.
उनका आरोप है कि वे और उनकी पत्नी ने भाजपा संगठन को अपना 25 साल दिया है, लेकिन आज प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद न तो संगठन और ना ही सत्ता के लोग उनकी सुध ले रहे हैं. जिससे तंग आकर यादव ने मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की मांग की थी.
भूपेश बघेल ने सबसे पहले किया फोन
इसकी जानकारी लगते ही सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विशंभर यादव की सुध ली. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को घर भेजकर यादव और उनकी पत्नी से फोन पर बातचीत की थी. उन्होंने उन्हें रायपुर बुलाकर इलाज कराने का आश्वासन भी दिया था.
यह खबर फैलते ही भाजपा के लोग जागे और आनन फानन में कल महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और प्रेम नगर विधायक भूलन सिंह मरावी सहित भाजपा के कई नेता यादव के घर पहुंचे और उन्हें यह विश्वास दिलाया कि संगठन और सरकार उनके साथ है.
साथ ही उनके परिजनों को यह आश्वासन दिया गया है कि उनके इलाज में जो भी खर्च होगा उसे भाजपा वहन करेगी.
बताया गया कि विशंभर यादव का परिवार शुरू से ही भाजपा से जुड़ा रहा है. उनके पिताजी आरएसएस से जुड़े थे.