रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ महापौर की सभी सीटों में भाजपा का कब्जा

C

CG Khabar

15 फ़र. 2025, 11:31 AM 3 मिनट में पढ़ें 2

छत्तीसगढ़ में भाजपा का कब्जा
छत्तीसगढ़ में भाजपा का कब्जा

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ नगर निगम चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया है. 


प्रदेश के 10 में से 10 नगर निगमों में महापौर पद के लिए भाजपा ने जीत दर्ज की है. 

विज्ञापन


इस महीने की 11 तारीख को राज्य की 10 नगर निगम, 49 नगरपालिका और 113 नगर पंचायतों के लिए चुनाव हुए थे.


भाजपा ने सभी 10 नगर निगमों पर कब्जा किया है. जबकि 49 नगरपालिकाओं में से भाजपा को 35 और कांग्रेस को 8 सीटों पर जीत हासिल हुई है. एक सीट आम आदमी पार्टी के खाते में गई है.


रायपुर की मीनल चौबे ने सबसे ज्यादा 153290 मतों से तो सबसे कम 5692 मतों से चिरमिरी के रामनरेश राय ने जीत दर्ज की है. 


रायपुर में 15 साल बाद भाजपा ने महापौर की कुर्सी पर कब्जा जमाया है. 


रायपुर, अंबिकापुर, कोरबा, चिरमिरी, जगदलपुर, दुर्ग, धमतरी, बिलासपुर, राजनांदगांव और रायगढ़ नगर निगम में 11 फरवरी को वोटिंग हुई थी. 


चार दिनों बाद शनिवार को परिणाम सामने आ गए. इस बार के चुनाव में भाजपा ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए सभी को चौका दिया है. 


रायपुर की महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे ने रिकार्ड तोड़ मतों से जीत दर्ज की है. उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति दुबे को 1 लाख 53 हजार 290 मतों से मात दी है. 


इसी प्रकार दुर्ग में अलका बाघमारे ने 67,295 हजार मतों से कांग्रेस की प्रेमलता साहू को हरा दिया है. 


राजनांदगांव में मधुसूदन यादव ने निखिल द्विवेदी को हराया है. मधुसूदन ने 41138 मतों से जीत दर्ज की है. 


जगदलपुर में भाजपा के संजय पांडेय ने मलकीत सिंह गैदू को 8772 मतों से पराजित किया है. 


अंबिकापुर में मंजूषा भगत ने 11,063 वोटों से कांग्रेस के डॉ. अजय तिर्की को मात दी है. 


चिरमिरी में कांग्रेस प्रत्याशी विनय जायसवाल रामनरेश राय से 5692 वोटों से हार गए हैं. 


वहीं धमतरी में जगदीश रामू रोहरा ने 38,665 वोटों से जीत हासिल की है. 


कोरबा में संजू देवी ने कांग्रेस की उषा देवी को 48116 मतों से मात देते हुए जीत दर्ज की है. 


बिलासपुर में पूजा विधानी ने कांग्रेस के प्रमोद नायक को 66,067 मतों से शिकस्त दी है. 


इसी प्रकार रायगढ़ में जीववर्धन चौहान ने 34,365 मतों से शानदार जीत दर्ज की है.

 

रायपुर में निकली विजय रैली

इधर शानदार जीत के बाद रायपुर की नवनिर्वाचित महापौर मीनल चौबे ने देर शाम को रैली निकाली. 


रैली गाजे-बाजे के साथ भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर से निकाली गई. 


बताया गया कि यह विजय रैली जय स्तंभ चौक तक जाएगी. जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे. 


रैली में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, विधायक राजेश मूणत, विधायक, विधायक मोतीलाल साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता शामिल हुए. 


विजय रैली में भाजपा के कई नवनिर्वाचित पार्षद भी शामिल हुए. 
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP