अबूझमाड़ मुठभेड़ः दो जवान शहीद, अंतिम विदाई देने पहुंचे डीजी
नारायणपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ के जंगल में गुरुवार को भी मुठभेड़ जारी है. दोनों तरफ से रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है.
सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने एक और माओवादी का शव बरामद किया है. वहीं बुधवार को वापसी के दौरान आईईडी की चपेट में आने से डीआरजी के एक जवान की मौत हो गई थी.
अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी. इससे पहले कल मुठभेड़ के दौरान डीआरजी टीम का एक सदस्य मारा गया था.
दोनों शहीद जवानों के पार्थिव शरीर को आज सुबह जिला मुख्यालय नारायणपुर लाया गया.
रिजर्व पुलिस लाइन नारायणपुर में दोनों को सलामी देकर सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी.
जवानों की अंतिम विदाई में शामिल होने छत्तीसगढ़ डीजी अरूण सिंह गौतम भी पहुंचे हैं.
अबूझमाड़ के जंगल में बुधवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 27 माओवादियों को मार गिराया था, जिसमें डेढ़ करोड़ के ईनामी सीपीआई माओवादी के महासचिव बसवराजू भी शामिल था.
कल मुठभेड़ के बाद शाम करीब सात बजे सुरक्षा बल के कुछ जवान वापस लौट रहे थे.
उसी दौरान डीआरजी बीजापुर का जवान रमेश हेमला का पैर माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी में पड़ गया.
पैर पड़ते ही जोरदार विस्फोट हुआ. विस्फोट की चपेट में आने से जवान की घटना स्थल पर ही मौत हो गई.
इससे पहले कल माओवादियों का बहादुरी से सामना करते हुए नारायणपुर जिले के औरचा थाना क्षेत्र के ग्राम भटबेडा निवासी डीआरजी जवान खोटलूराम कोर्राम भी शहीद हो गया था.