ASI ने थाने में लगाई फांसी
बालोद | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) हीरामन मंडावी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. एसआई ने पुलिस थाने के बैरक में फांसी लगाई है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन शुरुआती जांच में डिप्रेशन की बात सामने आई है.
पुलिस के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे एक आरक्षक बैरक पहुंचे तो एएसआई मंडावी पंखे के हुक से लटके हुए थे. उसने इसकी सूचना पूरे स्टाफ को दी.
तत्काल पुलिसकर्मियों ने उन्हें नीचे उतारा और अस्पताल ले कर गए. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चिखलकसा चीर घर भेज दिया है.
बताया गया कि एएसआई हीरामन मंडावी दुर्ग जिले के बोरसी के रहने वाले थे. उनका परिवार वहीं रहता है. सात महीने पहले ही उनका ट्रांसफर अर्जुन्दा से दल्लीराजहरा थाने में हुआ था.
साथ में काम करने वाले पुलिसकर्मियों का कहना है कि कल रात करीब 11 बजे तक उन्होंने थाने में काम किया है.
इसके बाद वह बैरक में आराम करने चले गए. आज सुबह अन्य जवान रोज की तरह ड्यूटी के लिए तैयार हो रहे थे. उसी समय घटना की जानकारी हुई. घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. घटनास्थल से किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है.
पुलिस अधिकारी साथी जवानों से भी पूछताछ कर रहे हैं. ताकि यह पता चल सके कि आखिर किन परिस्थितियों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को यह कदम उठाना पड़ा.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मंडावी लंबे समय से डिप्रेशन से जूझ रहे थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.