बारातियों से भरी बस खाई में गिरी, 3 की मौत
बलरामपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के कंठी घाट में एक बस गहरी खाई में गिर गई. बस में 65 से अधिक बाराती सवार थे.
इस हादसे में 3 बारातियों की मौत हो गई. जबकि महिला-बच्चे समेत 60 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. घायलों में 7 लोगों की स्थिति गंभीर है. उन्हें मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है.
पुलिस के मुताबिक बारातियों से भरी बस शंकरगढ़ से झारखंड के लिए निकली थी. शंकरगढ़ के बेलकोना निवासी गुंजन रात के बेटे सुनील की शादी झारखंड के बरगढ़ में तय हुई थी.
गुरुवार को 65 से अधिक लोग बस में सवार होकर बारात के लिए निकले थे. बस ने लगभग 50 किलोमीटर का सफर भी तय कर लिया था. इस बीच बस जब कंठी घाट से नीचे उतरने लगी, तब अनियंत्रित होकर लगभग 50 फीट नीचे खाई में गिर गई.
सुनसान इलाका और जंगल होने के कारण पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी देर बाद इसकी सूचना मिली. तब तक यहां काफी चीख पुकार मची हुई थी. बस में सवार महिला महंती पति हेमंत और मांदुर पिता सीताराम की मौके पर मौत हो गई.
दोनों बस के अंदर ही दब गए थे. पुलिस ने जेसीबी की मदद से बस को उठाकर उन्हें बाहर निकाला. वहीं महेश बड़ा की बलरामपुर अस्पताल में मौत हो गई. घटना की सूचना पर चांदो पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को चांदो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया.
हादसे की सूचना मिलने पर बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा समेत प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे.