पढ़ाई के लिए मां ने डांटा तो घर से भागा 9 साल का बच्चा, कल्याण स्टेशन से सुरक्षित मिला
सूरजपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मां की डांट से नाराज होकर तीसरी कक्षा में पढ़ने वाला 9 साल का एक मासूम बच्चा चुपचाप घर से भाग गया. अपनी नाराजगी में बालक स्टेशन पहुंचा और दो से तीन ट्रेनें बदलकर छत्तीसगढ़ से सीधे मुंबई जा पहुंचा. गनीमत यह रही कि पुलिस और बाल संरक्षण विभाग की तत्परता से बच्चे को महाराष्ट्र के कल्याण रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर वापस सूरजपुर ले आया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सूरजपुर के बसदेई पुलिस चौकी क्षेत्र की है. 15 सितंबर को मां द्वारा पढ़ाई को लेकर डांट लगाने पर बालक नाराज हो गया और परिवार वालों से अपने पिता के पास जाने की बात कहकर घर से निकल गया.
जब बच्चा काफी देर तक वापस नहीं लौटा, तो चिंतित परिजनों ने आसपास और स्कूल में उसकी तलाश की. कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और बच्चे की तस्वीर पुलिस को सौंपी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और बाल संरक्षण विभाग ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया. बालक की तस्वीर को सभी प्रमुख स्टेशनों और पुलिस ग्रुप्स में सर्कुलेट किया गया. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि महाराष्ट्र के कल्याण रेलवे स्टेशन पर हुलिए से मिलता-जुलता एक बच्चा देखा गया है.
सूचना मिलते ही बाल संरक्षण आयोग और स्थानीय पुलिस की मदद से बच्चे को कल्याण स्टेशन से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया. सूरजपुर के एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मां की डांट से क्षुब्ध होकर बच्चा घर से निकला था और कई ट्रेनें बदलकर मुंबई पहुंच गया था.
बाल संरक्षण विभाग के सहयोग से हमारी टीम बच्चे को सुरक्षित सूरजपुर वापस ले आई है और परिजनों को सौंप दिया है.