रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बिलासपुर में जहरीली महुआ शराब पीने से 7 लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में जहरीली महुआ शराब पीने से 7 लोगों की मौत

C

CG Khabar

08 फ़र. 2025, 07:31 AM 3 मिनट में पढ़ें 2

छत्तीसगढ़ में जहरीली शराब से 7 की मौत
छत्तीसगढ़ में जहरीली शराब से 7 की मौत

बिलासपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में जहरीली महुआ शराब पीने से 7 लोगों की मौत हो गई. 


वहीं करीब 20 लोग बीमार हैं, जिसमें से 4 लोगों की हालत गंभीर है. बीमार ग्रामीणों को सिम्स अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है. 

विज्ञापन


बताया गया कि बुधवार को एक व्यक्ति की मौत हुई. उसके बाद गुरुवार को दो और लोगों की जान चली गई. 


गांव वालों ने बीमारी समझकर उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया. इसके बाद शुक्रवार रात को एक साथ चार लोगों की मौत हुई. 


तब आशंका हुई कि गांव में चुनाव के दौरान जो शराब बांटी गई है, वह कहीं जहरीली तो नहीं है. क्योंकि कई दिनों से ग्रामीण महुआ शराब पी रहे थे. 


हालांकि मौत की असली वजह अभी सामने नहीं आई है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि मौत की असली वजह क्या है. 


यह पूरा मामला बेलतरा विधानसभा के लोफन्दी गांव का है. 


बताया जा रहा है कि कोनी थाना क्षेत्र के लोफन्दी गांव में पिछले तीन-चार दिनों से चुनाव के चलते महुआ शराब बांटी जा रही थी. जिसे पीने के बाद ग्रामीण बीमार पड़ने लगे. 


बुधवार और गुरुवार को एक-एक कर तीन लोगों की मौत हो गई. ग्रामीण मौत का कारण बीमारी समझ रहे थे.


शुक्रवार को अचानक एक साथ गांव के चार लोगों की मौत हुई. वहीं कई लोग बीमार पड़ गए. 


मृतकों में दल्लू पटेल, शत्रुहन देवांगन, कन्हैया पटेल, कोमल लहरे, बलदेव पटेल और कोमल देवांगन उर्फ नान हैं.


मृतकों में सरपंच रामाधार सुनहले का भाई रामू सुनहले भी शामिल है. तब ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. 


इसकी सूचना पुलिस को दी गई. इसके बाद प्रशासन हरकत में आया. 


पुलिस और अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. वहीं शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है.


ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव के आस-पास काफी दिनों से महुआ शराब की बिक्री हो रही है. 


इसकी जानकारी पुलिस और आबकारी विभाग को भी है. ग्रामीणों ने इसकी शिकायत कई बार की है, लेकिन दिखावे के लिए कार्रवाई करते हैं. 

 

मामले की जांच की जा रही-एसपी
बिलासपुर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस शराब के स्रोत का पता लगा रही है. 


पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी. 


फिलहाल पुलिस और प्रशासन गांव में अलर्ट पर है. लोगों से पूछताछ की जा रही है.


उनका कहना है कि गांव में एक शादी समारोह भी था. इन सभी जगहों से सैंपल लिए जा रहे हैं. खाने का सैंपल भी लिया जा रहा है. 

 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP