बीजापुर, कांकेर सहित दंतेवाड़ा में 66 माओवादियों का समर्पण
बीजापुर/कांकेर/नारायणपुर/सुकमा/दंतेवाड़ा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में नक्सल संगठन को बड़ा झटका लगा है. कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा और दंतेवाड़ा में कुल 66 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है. इन माओवादियों पर कुल मिलाकर 2 करोड़ रुपए से ज्यादा का इनाम घोषित था.
बीजापुर में गुरुवार को अलग-अलग इलाके के 25 माओवादी ने समर्पण करते हुए मुख्य धारा में लौटने का ऐलान किया है. इनमें SZC माओवादी सहित कुल एक करोड़ के इनामी माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है. सभी ने बस्तर आईजी पी सुंदरराज और बीजापुर एसपी जितेन्द्र कुमार यादव के सामने समर्पण किया है.
आत्मसमर्पण करने वालों में SZCM-1, DVCM-2, कंपनी PPCM-2, बटालियन और कंपनी पार्टी सदस्य-3, ACM-8, एरिया कमेटी पार्टी सदस्य-2, LOS सदस्य-4, जनताना सरकार अध्यक्ष-1, मिलिशिया कंपनी सदस्य-1 और जनताना सरकार उपाध्यक्ष-1 शामिल हैं.
कांकेर में मिलिट्री कमांडर ने किया समर्पण
कांकेर जिले में मिलिट्री कंपनी नंबर 1 के कमांडर मंगलू उर्फ रूपेश सहित 13 इनामी माओवादियों ने आत्म समर्पण किया है.
इनमें 5 महिलाएं और 8 पुरुष शामिल हैं. उत्तर बस्तर डिविजन के रावघाट, परतापुर एरिया कमेटी एवं माड़ डिविजन में सक्रिय थे.
आत्म समर्पित माओवादियों पर कुल 62 लाख रुपए का इनाम घोषित था.
नारायणपुर में 8 ने किया सरेंडर
नारायणपुर से भी 8 सक्रिय माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है. इन पर कुल 33 लाख रुपए का इनाम था.
आत्मसमर्पण करने वालों में दो बड़े माओवादी शामिल हैं. कमलेश और डॉक्टर सुखलाल, जो लंबे समय से संगठन में सक्रिय थे.
सुकमा में 5 ने छोड़ा हिंसा का रास्ता
सुकमा जिले में पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर सक्रिय पांच माओवादियों ने आत्म समर्पण किया है.
सभी माओवादी जगरगुंडा और चिंतलनार इलाके में सक्रिय रहे हैं.
आत्मसमर्पण करने वाले सभी माओवादियों को प्रोत्साहन राशि दी गई और पुनर्वास नीति का लाभ भी दिया जाएगा.
दन्तेवाड़ा में एक दंपति समेत 15 ने किया सरेंडरदन्तेवाड़ा जिले में चलाए जा रहे लोन वर्राटू अभियान और पूना मारगेम (पुनर्वास से पुनर्जीवन) अभियान से प्रभावित होकर कुल 17 लाख के 05 इनामी माओवादियों सहित 15 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है. इसमें 01 माओवादी दम्पति भी शामिल है.
आत्मसमर्पित माओवादी बुधराम उर्फ लालू कुहराम (डीव्हीसीएम) के पद पर छग शासन द्वारा 8 लाख रूपए का ईनाम घोषित है जो विगत 20 वर्षों से नक्सल संगठन में सक्रिय रहा.
इसी तरह आत्मसमर्पित महिला माओवादी कमली उर्फ मोती पोटावी (एसीएम) के पद पर छग शासन द्वारा 5 लाख रुपए का इनाम नाम घोषित है. वह विगत 20 वर्षों से नक्सल संगठन में सक्रिय रही.
पिछले 18 महीनों में दंतेवाड़ा जिले में 86 इनामी सहित 368 माओविदयों ने आत्मसमर्पण किया है.
लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक कुल 254 ईनामी माओवादियों सहित कुल 1020 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है. जिसमें दन्तेवाड़ा जिले के साथ-साथ सीमावर्ती जिलों सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर के 824 पुरुष माओवादी और 196 महिला माओवादी शामिल हैं