5 दिनों में हाथी के हमले से गई 6 लोगों की जान
जशपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शनिवार को हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई. इसके बाद हाथी ने अपने बच्चे के साथ गांव में जमकर उत्पात मचाया. इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
पिछले पांच दिनों में इस हाथी के हमले से 6 लोगों की जान जा चुकी है. जिनमें से 4 की मौत रायगढ़ में और 2 की मौत जशपुर में हुई है.
बताया जा रहा है यह वही मादा हाथी और उसका शावक है, जिसने रायगढ़ जिले में जमकर उत्पात मचाया था.
वहां तीन लोगों को एक ही दिन में मार डाला था. जिसमें एक तीन साल का मासूम भी शामिल है.
हाथी अब रायगढ़ जिले से निकलकर जशपुर जिले में पहुंच गया है. जशपुर जिले के चार गांवों में घुसकर हाथी ने खूब उत्पात मचाया है.
शनिवार की घटना धर्मजयगढ़ वन मंडल से लगे पत्थलगांव क्षेत्र के बालाझार गांव की है. शनिवार की सुबह हाथी ने ग्रामीण को कुचल कर मार डाला.
मृतक की पहचान किसान चोरपानी निवासी सालिक राम टोप्पो के रूप में हुई है.
बताया गया कि सालिक राम शनिवार की सुबह जंगल गया था. इसी बीच उनका हाथी से आमना-सामना हो गया.
हाथी ने उसे पटक-पटकर मार डाला. घटना के बाद से वन विभाग के अधिकारी हाथी पर नजर बनाए हुए हैं.
बताया गया कि हथिनी और उसके शावक ने शुक्रवार को भी जमकर उत्पात मचाया था.
धर्मजयगढ़ वन मंडल से लगे पत्थलगांव क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल के समीप हाथी ने वन विभाग की टीम और वाहन पर हमला कर दिया.
हाथी ने वन विभाग की खड़ी स्कार्पियो को नुकसान पहुंचाया. वाहन चालक समेत तीन लोग बड़ी मुश्किल से जान बचाकर भागे थे. वहीं बच्चों ने छत पर चढ़कर जान बचाई.