कटघोरा में करैत सांप काटने से 3 साल के मासूम की मौत
कोरबा । संवाददाता: कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बस्ती खालेपारा में मंगलवार की रात घर में सो रहे तीन वर्षीय बालक वासु को जहरीले करैत सांप ने डस लिया. बताया जा रहा है कि मासूम अपने घर के पूजा वाले कमरे में अपनी दादी और बहन के बीच सो रहा था. आधी रात को अचानक दर्द से बच्चे के चिल्लाने पर जब दादी की नींद खुली, तो उन्होंने बिस्तर पर करैत सांप को देखा.
परिजनों ने तुरंत बालक को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. हालांकि, इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है.
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सर्पदंश की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है. इससे पहले बीते शुक्रवार को कोरबी चौकी के मिसीया गांव में भी 21 वर्षीय प्रमिला धनवार की सोते समय करैत के काटने से जान चली गई थी.
वहीं, महज दो सप्ताह पूर्व आमाखोखरा गांव में अपने पिता के पास सो रही 6 साल की मासूम सान्वी कंवर की भी इसी जहरीले सांप के डसने से मौत हो चुकी है.
लगातार हो रहे इन हादसों को देखते हुए स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है. उन्होंने विशेष रूप से बारिश के मौसम में जमीन पर सोने के बजाय अनिवार्य रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने की सलाह दी है.