बाबाधाम जा रहे 3 दोस्तों को ट्रेलर ने कुचला, 2 की मौत
रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मोटरसाइकिल सवार तीन दोस्तों को तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल दिया. इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि एक युवक घायल हो गया है.
तीनों एक ही बाइक में सवार होकर कोसमनारा स्थित बाबाधाम दर्शन के लिए निकले थे.
पुलिस के मुताबिक घटना जूटमिल थाना क्षेत्र की है. सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के नूनपानी (कोसीर) निवासी जनक साहू, भरत यादव और तोषन चौहान कोसमनारा स्थित बाबाधाम दर्शन के लिए मोटरसाइकिल से निकले थे.
तीनों अमलीभौना बाईपास रोड से जा रहे थे. इसी दौरान रात करीब साढ़े 10 बजे सामने से आ रहे ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि जनक और भरत ट्रेलर के पिछले पहिए के नीचे आ गए.
भरत की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि जनक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं तीसरा साथी तोषन गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर भाग निकला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.
पुलिस ने तत्काल घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया. जहां गंभीर रूप से घायल जनक ने दम तोड़ दिया.
पुलिस ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई है.