होली के दौरान 3 दिनों में 27 लोगों ने गंवाई जान
छत्तीसगढ़ होली के दौरान 3 दिनों में 26 लोगों ने गंवाई जान
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में होली की खुशी कई घरों में मातम में बदल गई. होलिका दहन, होली और होली के अगले दिन शनिवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में 27 लोगों की मौत हो चुकी है.
वहीं इन हादसों में दर्जन भर से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. इनमें से कुछ तो होली का त्यौहार भी नहीं मना पाए और घर जाते हुए हादसे का शिकार हो गए. वहीं कुछ लोग होली के हुड़दंग के चलते अपनी जान गवा बैठे.
कोरिया में दो बाइकों में भिड़ंत, 4 युवकों की मौत
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में दो मोटरसाइकिल के आमने-सामने भिड़ंत में 4 युवकों की मौके पर मौत हो गई. वहीं इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है.
पुलिस के मुताबिक घटना सोनहत थाना क्षेत्र की है. शनिवार देर रात कटगोड़ी के पास तेज रफ्तार दो बाइक आपस में टकरा गई.
एक बाइक में तीन युवक और दूसरी बाइक में दो युवक सवार थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही चार युवकों की मौत हो गई.
वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने चारों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. जिसमें साफ दिख रहा है कि दोनों बाइक की रफ्तार काफी तेज थी.
बालोद में ट्रक से भिड़ी बाइक, 3 की मौत
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में होली के दूसरे दिन शनिवार रात को सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई.
अर्जुंदा थाना क्षेत्र के तेली टोला निवासी तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे.
उसी दौरानी मनकी गांव के पास खड़ी ट्रक से उनकी बाइक जा टकरा गई. हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि रात में अंधेरा होने के कारण सामने खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया, जिससे हादसा हुआ. मृतकों के नाम पीयूष साहू, अनिल साहू और विकास ठाकुर है.
कोरबा में कार-बाइक में टक्कर, 3 की मौत
कोरबा जिले में शनिवार को तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई. इस हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक यह घटना कोरबा के जटगा चौकी इलाके की है. शनिवार की सुबह बरबसपुर निवासी तीन दोस्त एक ही बाइक में सवार होकर निकले थे.
इसी दौरान खोडरी के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि 2 युवकों की मौके पर मौत हो गई.
जबकि एक युवक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन उसने भी रास्ते में ही दम तोड़ दिया.
तीनों मृतकों के नाम ननकू उर्फ अखलेश्वर, आदित्य धोबी और सूरज कंवर है.
हादसे में कार चालक भी घायल हुआ है. उसके कंधे पर चोट आई है. अस्पताल में उसका इलाज जारी है.
भाजपा नेता की बेटी की मौत
दुर्ग जिले में होली के दिन हुए भीषण सड़क हादसे में भिलाई भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वीटी कौशिक की बेटी की मौत हो गई.
इस हादसे में कार सवार 3 युवक गंभीर रूप से घायल हैं. तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई थी.
पुलिस के मुताबिक मृतिका ऋचा कौशिक होली के दिन अपने दोस्तों के साथ दुर्ग के अंजोरा गई थी.
वहां से वापस भिलाई लौटते समय नागपुर से रायपुर जाने वाले हाईवे पर उनकी कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई थी.
हादसे में ऋचा कौशिक को काफी ज्यादा चोट आई थी. उसे रायपुर रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था. जहां उसकी मौत हो गई.
स्कार्पियो खेत में पलटी, 2 दोस्तों की मौत
छ्त्तीसगढ़ के बस्तर जिले के भानपुरी-लोहंडीगुड़ा मार्ग में शनिवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन के पलटने से 2 दोस्तों की मौत हो गई. इस हादसे में 2 लोग घायल हैं.
पुलिस के मुताबिक घटना लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र के घोटिया चौकी क्षेत्र की है. शनिवार को होली खेलने के बाद 9 युवक स्कॉर्पियो में सवार होकर नदी में नहाने जा रहे थे.
इसी दौरान घोटिया चौक के पास स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई. घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच कर सभी लोगों को गाड़ी से बाहर निकाला.
जब तक 2 युवकों की मौत हो गई थी. वहीं 2 युवक गंभीर रूप से घायल थे. घटना की सूचना पुलिस को देने के बाद ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल लोहंडीगुड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए और भर्ती कराया.
महासमुंद में कार-ट्रक में टक्कर, 6 लोगों की मौत
होलिका दहन के दिन महासमुंद-नेशनल हाईवे 353 पर कार और ट्रक की टक्कर हो गई. हादसे में 6 लोगों की जान चली गई.
कार सवार राजस्व निरीक्षक ताहर सिंग ठाकुर और उनके परिवार के 4 सदस्य के साथ कार ड्राइवर की मौत हो गई.
हादसे में ट्रक चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है. उसे महासमुंद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बताया गया कि टक्कर इतनी तेज थी की कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है. पुलिस को क्रेन की मदद से मृतकों को बाहर निकालना पड़ा.
मृतकों के नाम ताहर सिंह ठाकुर, बिन्देश्वरी ठाकुर, वैभव ठाकुर, तृप्ति ठाकुर, सरोजनी ठाकुर, सूरज कंसारी चालक शामिल हैं.
नहर में पलटी सफारी, तीन की मौत
होलिका दहन के दिन गुरुवार को कवर्धा-बेमेतरा नेशनल हाईवे स्थित ग्राम सैगोना में सफारी वाहन के नहर में पलटने से 3 लोगों की जान चली गई.
इस हादसे में 8 लोग घायल थे. मरने वालों में 2 महिला और 1 पुरुष शामिल है. वाहन में कुल 11 लोग सवार थे.
पुलिस के अनुसार सभी लोगो होली त्योहार के लिए रायपुर से कबीरधाम जिले के पिपरिया थाना के मरका गांव अपने घर जा रहे थे.
मृतकों के नाम खुशबु वैष्णव, कमल चक्रधारी और साक्षी वैष्णव बताया जा रहा है.
कार-बाइक में टक्कर, 3 की मौत
बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के बिनौरी मोड़ में कार और बाइक की टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई.
बताया गया कि बाइक सवार शराब के नशे में थे. हादसे के बाद कार चालक ने पलारी थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया था.
मृतकों के नाम जागेश्वर सेन, उनका तीन साल का बेटा और उनके दोस्त नवीन फेकर हैं.
तीनों अमेरा के रहने वाले थे. जागेश्वर सेन अपने ससुराल पलारी आए हुए थे. घटना गुरुवार शाम 5 बजे की है.
ट्रेलर ने बाइक सवार को कुचला
जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में स्थित पीआईएल प्लांट के असिस्टेंट मैनेजर अजीत कुमार साहू गुरुवार को सुबह 6 बजे ए शिफ्ट की ड्यूटी के लिए बाइक से जा रहे थे.
तभी भोजपुर मार्ग में एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर से वह ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गए.
घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.
दो बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत, 1 की मौत
दंतेवाड़ा जिले के भांसी थाना क्षेत्र में दो बाइकों में आमने-सामने टक्कर हो गई. दोनों बाइक में चार लोग सवार थे.
एक बाइक में सवार होकर दो लोग दंतेवाड़ा आ रहे थे. वहीं दूसरी बाइक में सवार लोग बचेली आ रहे थे.
इसी दौरान बचेली-दंतेवाड़ा मार्ग पर दोनों बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई. इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
जबकि तीन लोग घायल हैं. सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया गया कि मृतक और घायल युवक जंगमपाल और छोटे तोंगपाल के हैं.