रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

10 करोड़ का साइबर फ्रॉड करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

H

Hupendra Sharma

07 जुल. 2025, 03:24 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

साइबर फ्रॉड
साइबर फ्रॉड

दंतेवाड़ा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा पुलिस ने 10 करोड़ रुपए की ऑनलाइन ठगी और साइबर फ्राड करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपियों को महाराष्ट्र के पालघर से पकड़ा गया है.


इससे पहले भी दंतेवाड़ा पुलिस ने तीन आरोपियों को डिजिटल अरेस्ट मामले में गुजरात से गिरफ्तार किया था.

विज्ञापन


इन सभी आरोपियों से दस्तावेज जब्त कर पूछताछ की जा रही है. इन आरोपियों के पास से 1 लाख रुपए नगद, एटीएम, बैंक पास बुक, शील कंपनी की फर्जी सील जब्त की गई है. 


पकड़े गए आरोपियों के नाम अर्पित सिंह और सूरज चौहान है. दोनों नालासोपारा ईस्ट, मुम्बई के रहने वाले हैं.


एनएमडीसी कर्मचारी से ठगे थे 28 लाख

पुलिस ने बताया कि किरंदुल निवासी एनएमडीसी कर्मचारी के मोबाइल पर 30 मई की शाम को व्हाट्सप कॉल आया.


फोन करने वाले ने कहा कि मुंबई में आपके नाम से एक बैंक खाता खोला गया है. जिस पर अवैध लेनदेन किया गया है.


मुंबई में आपके विरूद्ध मनी लॉड्रिंग का मामला दर्ज कर एफआईआर हुआ है.


आरोपी ने अपने एक साथी को फोन से जोड़कर प्रार्थी को इस मामले में सेटलमेंट करने के लिए 28 लाख रुपए का ट्रांसफर करने को कहा.


आरोपी की बातों से डरकर पीड़ित ने खाता में 28 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिया.


पैसे को ट्रांसफर करने के बाद प्रार्थी को अपने साथ धोखाधड़ी होने का अंदेशा हुआ. उसने थाना किरंदुल में अपराध दर्ज करवाया.


पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. किरंदुल पुलिस ने पहले गुजरात के जामनगर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर लिया.


इसके बाद 4 जुलाई को महाराष्ट्र के पालघर से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया. इसके बाद ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर न्यायालय बचेली में पेश किया.


इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए महाराष्ट्र की पुलिस भी लगी हुई है. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP