जस्टिस पी सैम कोशी दिल्ली हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस पद के लिए अनुशंसित
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ रहे न्यायाधीश पी सैम कोशी को दिल्ली हाई कोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की है.
रायपुर । संवाददाता: सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने तेलंगाना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश पी सैम कोशी को दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत करने की सिफारिश की है. कॉलेजियम की बैठक में लिए गए इस महत्वपूर्ण फैसले की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है. जारी बयान में स्पष्ट किया गया है कि न्यायमूर्ति कोशी का मूल कैडर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय है.
30 अप्रैल 1967 को जन्मे न्यायमूर्ति पी सैम कोशी ने 1987 में वाणिज्य में स्नातक और 1990 में कानून की डिग्री प्राप्त की. इसके बाद 9 मार्च 1991 को उन्होंने अधिवक्ता के रूप में अपना पंजीकरण कराया.
उन्होंने अपने शुरुआती करियर की शुरुआत मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर से की, जहां अक्टूबर 2000 तक उन्होंने दीवानी, संवैधानिक, सेवा और श्रम मामलों में वकालत की. राज्य पुनर्गठन के बाद नवंबर 2000 में उन्होंने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर का रुख किया और सितंबर 2013 तक वहां अपनी सेवाएं दीं.
अपने वकालत के कार्यकाल के दौरान न्यायमूर्ति कोशी ने 2002 से 2004 तक छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में शासकीय अधिवक्ता और 2005-06 में उप महाधिवक्ता के रूप में कार्य किया. उन्होंने कई प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और बैंकों का भी प्रतिनिधित्व किया है.
न्यायिक और कानूनी अनुभव के साथ-साथ उनका शैक्षणिक क्षेत्र से भी गहरा जुड़ाव रहा है; वे हिदायतुल्लाह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (HNLU), रायपुर की अकादमिक परिषद के सदस्य रह चुके हैं और वर्तमान में इसकी सामान्य परिषद (General Council) के सदस्य हैं.