T20 World Cup: संजू सैमसन की आतिशी पारी से भारत सेमीफाइनल में
कोलकाता । डेस्क: ईडन गार्डन्स के ऐतिहासिक मैदान पर रविवार को संजू सैमसन के बल्ले ने वो कर दिखाया जिसका फैंस को लंबे समय से इंतजार था. आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर-8 मुकाबले में सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन की नाबाद 97 रनों की ऐतिहासिक पारी के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है.
वेस्टइंडीज द्वारा दिए गए 196 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को भारत ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया. अब गुरुवार को मुंबई में होने वाले नॉकआउट मुकाबले में भारत का सामना इंग्लैंड से होगा.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत उतार-चढ़ाव भरी रही.
अभिषेक शर्मा और ईशान किशन के जल्दी आउट होने के बाद टीम इंडिया 41 रन पर दो विकेट गंवाकर दबाव में थी. ऐसे समय में सैमसन ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर 58 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की. सैमसन ने अपनी 50 गेंदों की पारी में मैदान के हर कोने में शॉट लगाए, जबकि सूर्या ने भी कुछ आकर्षक छक्के जड़े.
मध्यक्रम में तिलक वर्मा और अंत में हार्दिक पांड्या व शिवम दुबे के कैमियो ने भारत को लक्ष्य के करीब पहुंचाया. मैच का विजयी शॉट लगाने के बाद सैमसन मैदान पर ही घुटनों के बल बैठ गए, जो उनकी इस कड़ी मेहनत और जीत की खुशी को बयां कर रहा था.
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट पर 195 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. कैरेबियाई टीम की ओर से शाई होप और रोस्टन चेज ने शानदार शुरुआत दी, जबकि अंत में जेसन होल्डर और रोवमैन पॉवेल के बीच हुई 76 रनों की नाबाद साझेदारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.
भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने निर्णायक मोड़ पर विकेट चटकाकर वेस्टइंडीज की गति पर लगाम लगाने की कोशिश की, लेकिन सैमसन की बेजोड़ पारी ने अंततः होल्डर के ऑलराउंड प्रदर्शन और वेस्टइंडीज की उम्मीदों पर पानी फेर दिया.