रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़ में सर्पदंश का कहर: 5 माह के मासूम और किशोर की मौत, एक गंभीर

C

CG Khabar

01 अग. 2026, 02:43 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

सांप
सांप

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले अंतर्गत घरघोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात सर्पदंश के दो अलग-अलग मामलों ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया. ग्राम चारमार और कुडुमकेला में जहरीले सांप के काटने से दो मासूम जिंदगियों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है. इस दर्दनाक हादसे के बाद से प्रभावित परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.


 पहली घटना ग्राम चारमार में घटी, जहां एक जहरीले सांप ने घर में सो रहे 25 वर्षीय संजय धनवार और उनके महज 5 माह के बेटे नयांश धनवार को अपना शिकार बना लिया. डंसने के तुरंत बाद दोनों की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें घरघोड़ा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया. 

विज्ञापन


हालांकि, डॉक्टरों के भरपूर प्रयासों के बावजूद मासूम नयांश को बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. वहीं उसके पिता संजय धनवार का उपचार अभी भी जारी है, जिनकी हालत फिलहाल चिकित्सकों द्वारा स्थिर और पहले से बेहतर बताई जा रही है.


वहीं दूसरी घटना दर्दनाक घटना कुडुमकेला गांव की है, जहां 14 साल का धीरज दास महंत रात को करीब 10 बजे भोजन करने के उपरांत अपने कमरे में पलंग पर सोने चला गया था. नींद के दौरान ही किसी जहरीले जीव के काटने से अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और मुंह से झाग आने लगा. 


बिगड़ती स्थिति को देखते हुए परिजन उसे अस्पताल लेकर भागे, परंतु जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अनुमान लगाया जा रहा है कि गहरी नींद में होने के कारण किशोर को सांप के डंसने का अहसास नहीं हो सका.


इन दोनों दुखद घटनाओं की सूचना मिलते ही घरघोड़ा थाना पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई. पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP