शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की होगी त्वरित मरम्मत

C

CG Khabar

30 सित. 2026, 03:30 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

नितिन गडकरी
नितिन गडकरी

नई दिल्ली । डेस्क: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति, उनकी गुणवत्ता और रखरखाव की स्थिति की उच्च स्तरीय समीक्षा की. इस बैठक में छत्तीसगढ़ में मानसून के बाद राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया. 


बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और अजय ताम्टा सहित भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और सड़क परिवहन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.


समीक्षा बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों से मीडिया और सोशल मीडिया पर सामने आई सड़कों की बदहाली और मानसून से हुए नुकसान की खबरों को गंभीरता से लिया गया. 


केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि छत्तीसगढ़ में बारिश के बाद राष्ट्रीय राजमार्गों का तुरंत व्यापक आकलन किया जाए. उन्होंने सड़कों पर हुए गड्ढों की त्वरित मरम्मत, ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त करने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सड़कों के संरक्षण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के आदेश दिए.


केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में यात्रियों को निर्बाध और सुरक्षित सफर का अनुभव देना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने ठेकेदारों और जिम्मेदार एजेंसियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही या रखरखाव में देरी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.


छत्तीसगढ़ में चल रही और प्रस्तावित राजमार्ग परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को आधुनिक निर्माण तकनीकों का उपयोग करने की सलाह दी गई है. इसके साथ ही, स्थानीय स्तर पर उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से एक विस्तृत कार्य योजना तलब की गई है, ताकि राज्य के यात्रियों को बेहतर सड़क बुनियादी ढांचा मिल सके.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP