रायपुर: क्रिप्टोकरेंसी के नाम पर कॉमर्स शिक्षक से 1.59 करोड़ की ठगी
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का कॉमर्स शिक्षक शिकार बन बैठा. रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में एक पूर्व छात्र ने अपने परिवार के साथ मिलकर अपने ही शिक्षक को क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग में भारी रिटर्न का लालच देकर 1.59 करोड़ रुपये की चपत लगा दी. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित शिक्षक पुष्कर जैन की मुलाकात आरोपी छात्र निहाल अग्रवाल से वर्ष 2020-21 के दौरान एक कोचिंग सेंटर में हुई थी. इसके बाद निहाल ने शिक्षक को अपने परिजनों से मिलवाया और क्रिप्टोकरेंसी तथा USDT ट्रेडिंग के जरिए हर महीने 25 से 30 प्रतिशत मुनाफा कमाने का दावा किया.
आरोपी ने शिक्षक को टेलीग्राम के एक 'पंप एंड डंप' ग्रुप में भी जोड़ा, जहाँ 8 से 10 फीसदी गारंटीड रिटर्न का वादा किया गया था.
शुरुआत में थोड़े लाभ का झांसा देकर आरोपियों ने शिक्षक का भरोसा जीत लिया. इसके बाद शिक्षक ने अपनी जमा पूंजी के साथ-साथ बैंकों और अन्य माध्यमों से लोन लेकर अगस्त 2024 से 2026 के बीच कुल 1.59 करोड़ रुपये आरोपियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए.
जब शिक्षक ने अपनी मूल रकम वापस मांगनी शुरू की, तो आरोपी मुंबई से फंड आने या ट्रेडिंग आईडी ब्लॉक होने जैसे बहाने बनाने लगे. 5 फरवरी 2026 को शिक्षक ने जब आरोपियों के मोवा स्थित घर जाकर दबाव बनाया, तो परिजनों ने दो महीने के भीतर पूरा पैसा लौटाने का आश्वासन दिया. हालांकि, तय समय बीत जाने के बाद भी रकम वापस नहीं मिली और सभी आरोपी अपने मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गए.
आजाद चौक थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस बैंक खातों के लेनदेन की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.