धमतरी: 13 वर्षीय छात्र को डसा, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
धमतरी । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते ग्रामीण इलाकों में जहरीले जीवों की घुसपैठ बढ़ गई है. खेतों और निचले हिस्सों में जलभराव के कारण सुरक्षित ठिकानों की तलाश में निकले जहरीले सांप अब रिहायशी घरों तक पहुंचने लगे हैं.
इसी कड़ी में कुरुद पुलिस थाना क्षेत्र के अटंग गांव में विषैले करैत सांप के काटने से कक्षा आठवीं में पढ़ने वाले 13 साल के एक मासूम छात्र की जान चली गई. इस दुखद हादसे के बाद मृतक बालक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम छा गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अटंग निवासी शिवशंकर का 13 वर्षीय पुत्र गिरिराज बया 1 सितंबर की रात पूरे परिवार के साथ भोजन करने के उपरांत कमरे में जमीन पर सोया हुआ था. देर रात लगभग दो बजे छात्र की नींद अचानक बिगड़ी और उसने अपने पिता को जगाकर सांप के काटने की बात कही.
परिजनों ने घबराकर तुरंत कमरे की बत्ती जलाई तो देखा कि बिस्तर के बिल्कुल पास एक खतरनाक करैत सांप मौजूद था.
सांप के डसने के तुरंत बाद बालक का शरीर जहर के असर से बिगड़ने लगा. परिजन बिना एक पल गंवाए उसे प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी कुरुद अस्पताल लेकर दौड़े. वहां मौजूद डॉक्टरों ने छात्र की नाजुक हालत को देखते हुए उसे तत्काल धमतरी जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया.
जिला अस्पताल में चिकित्सकों का दल बालक को बचाने के प्रयासों में जुटा रहा, लेकिन उपचार के बावजूद उसकी सेहत में सुधार नहीं हुआ और बुधवार तड़के उसने इलाज के दौरान अंतिम सांस ली. घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने मर्ग कायम कर आवश्यक पंचनामा व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की और शव स्वजनों को सौंप दिया.