कवर्धा में शादी से 12 दिन पहले कांग्रेस नेता रेप के आरोप में गिरफ्तार
कवर्धा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के कवर्धा (कबीरधाम) जिले में एक वरिष्ठ जिला स्तरीय कांग्रेस पदाधिकारी को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. महिला पुलिस थाने में दर्ज मामले के आधार पर की गई यह कार्रवाई प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि आरोपी की गिरफ्तारी उसकी शादी से महज 12 दिन पहले हुई है.
पुलिस ने आरोपी नेता को रायपुर से उस वक्त हिरासत में लिया, जब वह 7 मई को होने वाले अपने विवाह के निमंत्रण पत्र बांट रहा था.
पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि वह आरोपी के साथ पिछले 10 वर्षों से रिश्ते में थी. महिला का कहना है कि आरोपी ने शादी का आश्वासन देकर उसके साथ कथित तौर पर शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में वादे से मुकर गया और किसी दूसरी महिला से शादी करने की तैयारी शुरू कर दी.
इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायपुर से पकड़कर कवर्धा लाया गया.
गिरफ्तार नेता वर्तमान में कांग्रेस के जिला स्तरीय किसान विंग में सक्रिय है और पूर्व में चुनाव भी लड़ चुका है. कबीरधाम पुलिस के अनुसार, पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है.
आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया है, जहां पुलिस ने विस्तृत पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की है. अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्य और गवाहों के बयानों के आधार पर निष्पक्ष कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है.