गरियाबंद में दो गुटों की हिंसक झड़प, आगजनी के बाद पुलिस बल तैनात
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के राजिम क्षेत्र से लगे दुधकैयां गांव में पुराने विवाद को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट के बाद आगजनी की घटनाएं सामने आईं. हालात को काबू में करने के लिए गांव और आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.
पुलिस के अनुसार, कुछ आदतन अपराधी हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए थे. आरोप है कि उन्होंने पहले के एक मामले में गवाही देने वाले ग्रामीणों पर हमला किया.
इस घटना से गांव में आक्रोश फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों के घरों का घेराव कर दिया. इसी दौरान कई घरों और वाहनों में आग लगा दी गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ रायपुर से अतिरिक्त बल गांव में भेजा गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है.
पथराव की घटनाओं में कुछ पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोटें आई हैं.
गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने बताया कि मुख्य आरोपी आरिफ और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं.
एसपी के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी संभावित तनाव को रोकने के लिए गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती जारी रहेगी.