रायगढ़: माजदा को हाइवा ने मारी टक्कर, चालक की मौत, 3 गंभीर घायल
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के शादी समारोह से लौट रहे लोगों से भरे माजदा वाहन को सामने से आ रहे हाइवा ने तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में माजदा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
यह दुर्घटना सुबह करीब चार बजे बईहामुड़ा गांव स्थित सन स्टील प्लांट के गेस्ट हाउस के सामने हुई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. माजदा का चालक मनोज मिंज (30 वर्ष), निवासी जमनीपाली दर्री, वाहन के केबिन में फंस गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
माजदा में आगे बैठे निर्मल मिंज, जोसेफ सोरेंग और वालटन एक्का को गंभीर चोटें आईं. घायलों को तत्काल घरघोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया.
वहीं वाहन के पीछे सवार रोशन खाखा, सुमिंज मिंज, अनिकेत खाखा समेत अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं, जिनका इलाज घरघोड़ा अस्पताल में जारी है.
बताया जा रहा है कि माजदा वाहन में सवार लोग 27 जनवरी को कोरबा से बारात लेकर झारखंड के सिमडेगा गए थे. शादी संपन्न होने के बाद दहेज का सामान लेकर 10 से अधिक लोग उसी वाहन से वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.