रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

PM मोदी करेंगे देश के पहले डिजिटल आदिवासी संग्रहालय का लोकार्पण

C

CG Khabar

24 अक्टू. 2025, 02:23 PM 3 मिनट में पढ़ें 1

संग्राहलय
संग्राहलय

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के शौर्य और बलिदान को समर्पित देश के पहले डिजिटल संग्रहालय 'शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक सह-संग्रहालय' का लोकार्पण जल्द ही होने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्योत्सव के अवसर पर इस भव्य स्मारक सह-संग्रहालय को जनता को समर्पित करेंगे.


इस संबंध में, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नवा रायपुर अटल नगर स्थित आदिवासी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में निर्माणाधीन संग्रहालय स्थल का निरीक्षण कर लोकार्पण की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

विज्ञापन


यह संग्रहालय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना का परिणाम है और यह छत्तीसगढ़ के जनजातीय वर्गों के ऐतिहासिक गौरव गाथा, शौर्य और बलिदान का प्रतीक बनेगा. यह संग्रहालय सदियों तक नई पीढ़ियों को उनके पुरखों की याद दिलाता रहेगा और देश-विदेश के लोगों के लिए प्रेरणाप्रद बनेगा.


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह संग्रहालय न सिर्फ आदिवासी वर्गों के लिए, बल्कि सभी वर्गों सहित देश-विदेश के लोगों के लिए भी प्रेरणाप्रद बनेगा, जो अन्याय और अत्याचार के खिलाफ विद्रोह करने का साहस पैदा करेगा.


वीएफएक्स और प्रोजेक्शन से जीवंत प्रस्तुति


वीएफएक्स टेक्नोलॉजी और प्रोजेक्शन वर्क से तैयार हो रहा यह स्मारक सह-संग्रहालय, छत्तीसगढ़ के आदिवासियों के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर गहन शोध के बाद तैयार किया गया है. यह देश का पहला डिजिटल संग्रहालय होगा.


आगंतुकों को आदिवासी विद्रोह का वर्णन स्टैच्यू के पास लगे डिजिटल बोर्ड पर उपलब्ध रहेगा. साथ ही, आगंतुक प्रत्येक गैलरी में बनाई गई जीवंत प्रस्तुति के सामने स्कैनर से मोबाईल द्वारा स्कैन कर संबंधित जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे, जिससे उन्हें आदिवासी विद्रोह को जीवंत महसूस करने का अनुभव मिलेगा.


मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को राज्योत्सव के मौके पर प्रधानमंत्री द्वारा प्रस्तावित उद्घाटन के मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियां व निर्माण कार्य, जिसमें डिजिटलीकरण कार्य, पार्किंग व्यवस्था, सॉवेनियर शॉप, गार्डनिंग, और वॉटर सप्लाई शामिल हैं, को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए.


प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने मुख्यमंत्री को संग्रहालय में निर्माणाधीन 16 गैलरियों, जिनमें झंडा सत्याग्रह और जंगल सत्याग्रह पर एक-एक गैलरी शामिल है, के संबंध में विस्तार से जानकारी दी.


उल्लेखनीय है कि शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय में स्वतंत्रता आंदोलन के समय छत्तीसगढ़ में हुए विभिन्न आदिवासी विद्रोहों जैसे - हल्बा विद्रोह, सरगुजा विद्रेाह, भोपालपट्टनम विद्रोह, परलकोट विद्रोह, तारापुर विद्रोह, लिंगागिरी विद्रोह, कोई विद्रोह, मेरिया विद्रोह, मुरिया विद्रोह, रानी चौरिस विद्रोह, भूमकाल विद्रोह, सोनाखान विद्रोह, झण्डा सत्याग्रह एवं जंगल सत्याग्रह के वीर आदिवासी नायकों के संघर्ष एवं शौर्य के दृश्य का जीवंत प्रदर्शन 14 गैलेरियों में किया जा रहा है. वहीं जंगल सत्याग्रह और झंडा सत्याग्रह पर एक-एक गैलेरियों का भी निर्माण किया जा रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP