शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा में स्कूल बस ने बाइक सवार को कुचला, ड्राइवर फरार

C

CG Khabar

23 सित. 2025, 02:16 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

कोरबा । संवाददाता: कोरबा-सक्ति मार्ग पर तिलकेजा के निकट मंगलवार को स्वामी स्कूल की बस ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी. यह घटना सुबह करीब 7 बजे उरगा थाना क्षेत्र में हुई, जब तेज रफ्तार बस स्कूली बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी. हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर खून से लथपथ पड़ा रहा. 


घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि बाइक सवार को संभलने का मौका ही नहीं मिला. घायल युवक की पहचान रेनखोल निवासी उत्तम यादव के रूप में हुई, जो नवरात्रि के अवसर पर सुबह मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था. हादसे में उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं. 


स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उसे जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. डॉक्टरों ने बताया कि उसे विशेष निगरानी में रखा गया है.


बस में सवार लगभग 14 बच्चे इस हादसे से बुरी तरह डर गए और चीखने-चिल्लाने लगे. सुबह सैर पर निकले लोगों ने घायल को देखा और तत्काल मदद के लिए कदम उठाए. समाजसेवी किशन साव ने बताया कि युवक बेहोशी की हालत में सड़क पर पड़ा था और समय पर अस्पताल न पहुंचाया जाता तो उसकी जान को खतरा हो सकता था.


स्थानीय निवासी भीम कंवर ने बताया कि कोरबा-सक्ति मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही के कारण हादसे आम हो गए हैं. 


तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण न होने से इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं. हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और लोग स्कूली बसों की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं.


स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू किया जाए और स्कूली वाहनों की गति पर विशेष ध्यान दिया जाए. 


उन्होंने यह भी अपील की कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं. पुलिस ने मामला दर्ज कर बस चालक की तलाश शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP