छत्तीसगढ़ के तलवारबाजों ने CBSE राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 6 पदक जीते
रायपुर । संवाददाता: उत्तराखंड के रुद्रपुर में रविवार को समाप्त हुई उद्घाटन सीबीएसई राष्ट्रीय तलवारबाजी चैंपियनशिप 2025 में छत्तीसगढ़ के तलवारबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक हासिल किए. एक रजत और पांच कांस्य. विभिन्न इवेंट्स में ये पदक जीतकर राज्य ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज की.
यह चैंपियनशिप 30 सितंबर से 5 अक्टूबर तक आयोजित की गई थी, जिसमें पूरे भारत के 931 स्कूलों का प्रतिनिधित्व करने वाले 1,400 से अधिक तलवारबाजों ने भाग लिया. प्रतियोगियों ने एपे, फॉइल और सेबर इवेंट्स में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर श्रेणियों के तहत सम्मान के लिए मुकाबला किया.
नया रायपुर के आदर्श इंटरनेशनल स्कूल का प्रतिनिधित्व करने वाले हेमंत पांडे ने राज्य के लिए पदक तालिका खोलते हुए अंडर-19 कैटेगरी के लड़कों के व्यक्तिगत सेबर इवेंट में कांस्य पदक जीता.
उधर, अंडर-14 कैटेगरी के लड़कियों के व्यक्तिगत सेबर इवेंट में सैयद कश्माला अली ने अपनी उत्कृष्ट कौशल और दृढ़ संकल्प से रजत पदक हासिल किया, जिससे अपने स्कूल को और गौरवान्वित किया.
कश्मला ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए यशस्वी मिश्रा और धनंजना साहू के साथ मिलकर लड़कियों की टीम सेबर इवेंट में कांस्य पदक सुनिश्चित किया.
टीम का मार्गदर्शन मुख्य कोच प्रवीण कुमार और टीम मैनेजर लिखेश्वरी मणिकपुरी ने किया.