छत्तीसगढ़ दुर्घटना मृत्यु दर में तीसरे, आत्महत्या दर में चौथे स्थान पर
रायपुर । संवाददाता: राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की 2023 की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, छत्तीसगढ़ देश के 28 राज्यों में दुर्घटना मृत्यु दर में तीसरे और आत्महत्या दर में चौथे स्थान पर रहा है.
रिपोर्ट के मुताबिक, दुर्घटना मृत्यु दर में महाराष्ट्र (55.1) पहले, हरियाणा (53.7) दूसरे और छत्तीसगढ़ (52.9) तीसरे स्थान पर रहा, जो राष्ट्रीय औसत 31.9 से काफी अधिक है.
हालांकि, केंद्र शासित प्रदेशों लद्दाख (75.4) और पुडुचेरी (66.5) की दर इससे भी अधिक रही. देश के 36 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में से 19 में दुर्घटना मृत्यु दर राष्ट्रीय औसत से अधिक थी.
दुर्घटना मृत्यु को दो श्रेणियों में बांटा गया: 'प्रकृति के कारण' (जैसे बिजली गिरना, लू, भूस्खलन) और 'अन्य कारण' (जैसे यातायात दुर्घटना, पशु हमला, नकली शराब का सेवन, कारखाना दुर्घटना).
छत्तीसगढ़ में 2023 में 16,011 दुर्घटना मृत्यु दर्ज हुईं, जिनमें 230 प्रकृति के कारण और 15,781 अन्य कारणों से थीं. यह 2022 की 16,893 मौतों से 5.2% कम है.
देश में प्रकृति के कारण हुई 6,444 मौतों में से 39.7% (2,560) बिजली गिरने से थीं, जिनमें छत्तीसगढ़ की 230 में से 180 मौतें बिजली गिरने से हुईं. नकली/जहरीली शराब के सेवन से देश में 522 मौतें हुईं, जिनमें छत्तीसगढ़ में 37 शामिल थीं.
आत्महत्या दर में छत्तीसगढ़ 26 के साथ चौथे स्थान पर रहा, जबकि सिक्किम (40.2), केरल (30.6) और तेलंगाना (27.7) उससे आगे थे. राष्ट्रीय औसत 12.3 थी. केंद्र शासित प्रदेशों में अंडमान और निकोबार (49.6) और पुडुचेरी (28) छत्तीसगढ़ से आगे रहे. छत्तीसगढ़ में 2023 में 7,868 आत्महत्याएं हुईं, जो 2022 की 8,446 से 6.8% कम है.