शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बिलासपुर: जान से मारने की धमकी देकर लाखों की ठगी, 4 गिरफ्तार

C

CG Khabar

02 अग. 2026, 07:23 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

आरोपी गिरफ्तार
आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित सरकंडा थाना पुलिस ने खौफ दिखाकर एक परिवार को लाखों रुपये और सोने के जेवरों का चूना लगाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले में शामिल चार अभियुक्तों आयुष यादव (22), आदर्श शर्मा (19), प्रिंस साहू (18) और आदित्य पांडे (19) को धर दबोचा है. 


अदालत में पेशी के बाद चारों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि इस ठगी में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.


यह सनसनीखेज मामला राजीव विहार के एक निवासी द्वारा सरकंडा थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के बाद उजागर हुआ. शिकायतकर्ता ने बताया कि स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते उन्होंने अपने बैंक खातों और घर के लॉकर के संचालन का जिम्मा अपनी पोती को सौंपा था. 


इसी बात का फायदा उठाकर जनवरी 2025 से आरोपी आयुष यादव और उसके साथियों ने पोती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. आरोपियों ने परिवार के सदस्यों और छोटे बच्चों की हत्या करने तथा एक्सीडेंट कराने की धमकियां देकर युवती को इस कदर डरा दिया कि उसने किश्तों में एसबीआई और सहकारी बैंक खातों से कुल 14.50 लाख रुपये निकालकर उन्हें सौंप दिए. 


यही नहीं, डर के साए में जी रही पीड़िता से आरोपियों ने घर के लॉकर में रखे करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण भी ऐंठ लिए.


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की. तफ्तीश के दौरान पुलिस ने चारों मुख्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया. 


पुलिस ने आरोपियों के पास से 40 हजार रुपये नकद, सोने जैसी पीली धातु की दो अंगूठियां, एक चेन, मोबाइल फोन और ठगी के पैसों से खरीदी गई एक नई दोपहिया गाड़ी बरामद की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के शेष फरार आरोपियों प्रियम शर्मा और शौर्य करोलिया की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उन्हें भी जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP