शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

आधार का नया ऐप लॉन्च: अब बिना डेटा शेयर किए उम्र का सत्यापन

C

CG Khabar

30 जन. 2026, 07:28 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

आधार एप
आधार एप

नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने एक नया आधार ऐप लॉन्च किया है, जो डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण (DPDP) अधिनियम के तहत उम्र के सत्यापन (Age Verification) की प्रक्रिया को बेहद सुरक्षित और आसान बना देगा. इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने बुधवार, 28 जनवरी 2026 को इस ऐप की शुरुआत करते हुए बताया कि अब सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग और ई-कॉमर्स जैसे प्लेटफॉर्म्स उपयोगकर्ता की निजता से समझौता किए बिना उनकी आयु की पुष्टि कर सकेंगे. 


इस नई व्यवस्था से बच्चों को अनुपयुक्त कंटेंट से बचाने में मदद मिलेगी.

विज्ञापन


सरकार ने इसके लिए 'आधार प्रमाणीकरण (सुशासन) नियम, 2020' में संशोधन किया है, जिससे निजी संस्थाएं अब सुरक्षित आधार ऑथेंटिकेशन के जरिए सेवाएं दे सकेंगी. 


इस ऐप का मुख्य उद्देश्य आधार की कागजी प्रतियों के चलन को खत्म करना है, क्योंकि आधार अधिनियम निजी संस्थाओं द्वारा आधार डेटा स्टोर करने पर रोक लगाता है. अब होटल, सिनेमा हॉल और एयरपोर्ट जैसे स्थानों पर भौतिक दस्तावेज जमा करने के बजाय डिजिटल रूप से सत्यापन किया जा सकेगा.


UIDAI के सीईओ भुवनेश कुमार के अनुसार, इस ऐप के जरिए अब लोग बिना किसी सेंटर जाए घर बैठे अपना मोबाइल नंबर और पता अपडेट कर सकेंगे. 


ऐप में एक खास सुविधा यह भी है कि एक ही मोबाइल पर परिवार के पांच सदस्यों (जैसे बच्चे या बुजुर्ग) के प्रोफाइल जोड़े जा सकते हैं. इसके अलावा, ऐप में एक डिजिटल 'कॉन्टैक्ट कार्ड' भी दिया गया है, जिससे उपयोगकर्ता अपनी जानकारी सुरक्षित रूप से साझा कर पाएंगे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP