जम्मू में छत्तीसगढ़ के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
जम्मू । डेस्क: जम्मू जिले के बिश्नाह इलाके में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के रहने वाले एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ निवासी श्याम सिंह सिदार (पुत्र गोरी लाल) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बिश्नाह के वार्ड नंबर 13 में रह रहा था और मजदूरी का काम करता था.
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे श्याम सिंह को वार्ड नंबर 12 स्थित पीर बाबा के पास अचेत अवस्था में देखा गया. स्थानीय लोगों और अधिकारियों की मदद से उसे तुरंत उप-जिला अस्पताल बिश्नाह ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में दंड प्रक्रिया संहिता के तहत जांच की कार्यवाही शुरू कर दी है ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके.