बलरामपुर में युवक नदी में डूबा
बलरामपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक 22 वर्षीय युवक नदी के गहरे पानी में समा गया. घटना राजपुर थाना क्षेत्र के गागर नदी पुल के पास की है, जहां दोस्तों के साथ नहाने उतरा युवक अचानक तेज बहाव और गहराई का अंदाजा न होने के कारण डूब गया. देर शाम तक चले भारी रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है.
मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम डकवा में आयोजित एक विवाह कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद शनिवार सुबह लगभग 10 बजे दोस्तों का एक समूह गागर नदी में नहाने के लिए पहुंचा था.
इसी दौरान बरियों उरांव पारा का रहने वाला फुलसाय लकड़ा नहाते-नहाते नदी के उस हिस्से में चला गया जहां पानी काफी गहरा था. देखते ही देखते वह लहरों के बीच लापता हो गया.
उसके साथियों ने तत्काल उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का दबाव अधिक होने के कारण वे कामयाब नहीं हो सके.
हादसे की खबर मिलते ही राजपुर थाना पुलिस फौरन घटनास्थल पर पहुंची. स्थानीय स्तर पर तलाश में आ रही दिक्कतों को देखते हुए बलरामपुर से एक्सपर्ट गोताखोरों की विशेष टीम को मौके पर बुलाया गया.
ग्रामीणों और पीड़ित परिवार की मौजूदगी में गोताखोरों ने दिनभर नदी के चप्पे-चप्पे को खंगाला, लेकिन शाम ढलने तक युवक का कुछ पता नहीं चल पाया. पुलिस और बचाव दल रविवार को दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू करेंगे.