वैक्सीन नीति पर ट्रंप से भिड़ा WHO: कहा- अनदेखे किए जा रहे पुराने सबूत
नई दिल्ली । डेस्क: विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बच्चों के टीकाकरण नीति में बदलाव की कोशिशों की कड़ी आलोचना की है. टेड्रोस ने आरोप लगाया कि अमेरिका की नई वैक्सीन नीति दशकों से चले आ रहे वैज्ञानिक साक्ष्यों को नजरअंदाज कर रही है.
यह चेतावनी ट्रंप द्वारा स्कूलों में अनिवार्य टीकाकरण के नियमों पर पुनर्विचार करने और खसरा, मंप्स और रूबेला (MMR) की संयुक्त वैक्सीन को तीन अलग-अलग खुराकों में बांटने का आदेश देने के बाद आई है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में WHO प्रमुख ने स्पष्ट किया कि टीकाकरण नीतियां राजनीतिक प्रभाव से मुक्त होनी चाहिए और उनका आधार निष्पक्ष एवं पारदर्शी वैज्ञानिक समीक्षा होनी चाहिए.
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि MMR वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसका ऑटिज्म से कोई संबंध नहीं है. टेड्रोस ने आगाह किया कि टीकों में अकारण देरी करना या खुराकों को अलग-अलग करना बच्चों की सुरक्षा को खतरे में डाल सकता है.
गौरतलब है कि ट्रंप प्रशासन में स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट एफ कैनेडी जूनियर लंबे समय से MMR वैक्सीन और ऑटिज्म के बीच के उस संबंध का समर्थन करते रहे हैं, जिसे वैज्ञानिक समुदाय पहले ही खारिज कर चुका है.
पदभार संभालने के बाद से कैनेडी ने स्थापित टीकों की समीक्षा शुरू की है, बच्चों के टीकाकरण कार्यक्रम में बदलाव किए हैं और नए टीकों के विकास के बजट में कटौती की है.