रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान जारी

C

CG Khabar

11 फ़र. 2025, 07:26 AM 3 मिनट में पढ़ें 2

छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव
छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव

रायपुर | संवाददाताः  छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मंगलवार को सुबह 8 बजे से मतदान जारी है. 


प्रदेशभर में वोटिंग के लिए लोगों में जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है. सुबह से लोग लाइन में लगकर मतदान कर रहे हैं. 

विज्ञापन


इस दौरान कई जगह ईवीएम मशीन में खराबी की शिकायत भी मिली. जिसे तत्काल बदल कर मतदान शुरू कराया गया. 


वहीं धमतरी में वोट डालने आए एक मतदाता की मौत हो गई. 


बताया गया कि नगर पंचायत वार्ड क्रमांक 12 में मतदान करने पहुंचे कुंजबिजारी बेहोश हो कर गिर गए. 


उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.


ज्ञात हो कि रायपुर नगर निगम सहित प्रदेश के 10 निकायों के लिए मतदान जारी है. 


मतदान शाम 5 बजे तक होगा. जिसमें नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत शामिल है. 


छत्तीसगढ़ में 10 नगर निगम के लिए 79 महौपार प्रत्याशी मैदान में हैं. जबकि 1 हजार 889 उम्मीदवार पार्षद पद के लिए भाग्य आजमा रहे हैं.


 15 फरवरी को इन चुनावों के नतीजे आएंगे. 


इस बीच रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, जगदलपुर और धमतरी के कुछ मतदान केंद्रों में ईवीएम खराबी की शिकायत मिली.


इससे कुछ देर तक वोटिंग प्रभावित रही. मशीन को सुधारने के बाद दोबारा मतदान शुरू हो गए हैं.


जगदलपुर के कई बूथों में ईवीएम खराब


सबसे ज्यादा जगदलपुर में ईवीएम खराब होने की शिकायत मिल रही है. 


यहां के कई वार्डों के बूथों में मशीनों के खराब होने की शिकायत सामने आ रही है. 


बार-बार मशीन खराब होने की वजह से कई मतदान केंद्रों में मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. 


वहीं मतदान केंद्रों में मतदाताओं के लिए पर्याप्त सुविधाएं भी नहीं है. मतदाता धूप में लाइन लगाकर खड़े हुए हैं.


जगदलपुर के महाराणा प्रताप वार्ड, रमैया वार्ड, विवेकानंद वार्ड, अब्दुल कलाम वार्ड ,शिव मंदिर वार्ड सहित करीब 8 जगहों पर ईवीएम खराब हुई है. 


प्रशासन की टीम ने कुछ जगहों पर ईवीएम मशीन को बदला, वहीं कुछ जगह पर मशीन को सुधारा गया.


बस्तर कलेक्टर निर्वाचन अधिकारी हरीश एस का कहना है कि जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है और जहां शिकायत मिल रही है, वहां ईवीएम बदली जा रही है. 


कई जगह पर ईवीएम बदल दिया गया और यहां वोटिंग दोबारा शुरू हो गई है.


रायपुर में दोनों महापौर प्रत्याशियों ने किया वोटिंग
रायपुर नगर निगम में महापौर के लिए 16 उम्मीदवार है. वहीं 70 वार्ड पार्षदों के लिए 306 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. 


भाजपा की महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे ने चंगोराभाटा स्थित मतदान केंद्र में सुबह वोट डाला. वहीं कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति दुबे ने भी मतदान किया. 


राजधानी रायपुर के मौलाना अब्दुल वार्ड 45 के बूथ क्रमांक 670 के सालेम कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला में ईवीएम खराब होने से वोटिंग विलंब से शुरू हुई. 


इसी तरह कॉन्वेंट स्कूल अश्विनी नगर स्कूल, बिन्दाबाई सोनकर स्कूल मतदान केंद्र बूथ क्रमांक 2,  पंडित सुंदरलाल शर्मा स्कूल मतदान केंद्र के बूथ क्रमांक 5, भाटागांव स्कूल के मतदान केन्द्र और श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड भाटागांव में ईवीएम मशीन खराब होने की जानकारी मिली है. जिसके चलते कुछ देर तक मतदान बाधित रहा. 
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP