रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा में तीर और सब्बल से हमला कर ग्रामीण की हत्या

C

CG Khabar

14 अक्टू. 2026, 04:33 AM 2 मिनट में पढ़ें 8

हत्या
हत्या

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान निर्माण के दौरान उभरे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक ग्रामीण को अपनी जान गंवानी पड़ी. घटना श्यांग थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम सिमगेंदा (सिरकी डुगरू) की है. 


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घर में दरवाजा फिटिंग को लेकर परिजनों के बीच बहस शुरू हुई थी, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई. इस वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है.

विज्ञापन


प्राथमिक जांच में सामने आया कि निर्माण कार्य के दौरान हुई कहासुनी के बीच अघन सिंह कोरवा ने अपने भाई रामदुलार कोरवा पर तीर-धनुष से हमला कर दिया. तीर लगते ही रामदुलार जमीन पर गिर पड़ा. इसके तुरंत बाद उसके वृद्ध पिता नंदू कोरवा ने पास में पड़ी सब्बल से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. 


सिर में गंभीर चोट लगने के कारण रामदुलार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी वहां से रफूचक्कर हो गए.


मृतक की पत्नी बुधवारी कोरवा की शिकायत के आधार पर श्यांग थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई शुरू की है. 


अपर पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. 


आरोपी अघन कोरवा (22 वर्ष) और उसके पिता नंदू कोरवा (65 वर्ष) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) तथा 3(5) के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है. फरार पिता-पुत्र की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP